IND vs WI: बतौर कप्तान शुभमन गिल का बड़ा कारनामा, इस मामले में कोहली की बराबरी पर पहुंचे

Shubman Gill: इसके बाद गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 50 रन बनाए। टीम इंडिया ने यह मैच पारी और 140 रन से जीता।अब दिल्ली टेस्ट में शतक जड़कर गिल ने एक बार फिर खुद को साबित कर दिया है।
IND vs WI: बतौर कप्तान शुभमन गिल का बड़ा कारनामा, इस मामले में कोहली की बराबरी पर पहुंचे
शुभमन गिल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND vs WI: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। गिल एक कैलेंडर वर्ष में पांच टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में शतक लगाकर पूरा किया। इस उपलब्धि के साथ गिल ने विराट कोहली की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी एक साल में पांच टेस्ट शतक लगाए थे। शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की टेस्ट कप्तानी सौंपी गई थी, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

गिल ने लीड्स में 147, बर्मिंघम में 269 और 161 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद मैनचेस्टर टेस्ट में उन्होंने 103 रन बनाकर एक और शतक अपने नाम किया। अब दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में निरंतरता का शानदार उदाहरण पेश किया है।

इस सीरीज में शुभमन गिल 10 पारियों में 75.40 की औसत के साथ 754 रन बनाकर शीर्ष बल्लेबाज रहे। भारत ने इंग्लैंड दौरे पर 5 मुकाबलों की सीरीज को 2-2 से ड्रॉ पर खत्म किया। इसके बाद गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 50 रन बनाए। टीम इंडिया ने यह मैच पारी और 140 रन से जीता। इसके बाद दिल्ली टेस्ट में शतक जड़कर गिल ने एक बार फिर खुद की उपयोगिता साबित कर दी है।

शुभमन गिल से पहले विराट कोहली एक कैलेंडर ईयर में बतौर कप्तान पांच टेस्ट शतक जमाने वाले भारतीय बन चुके हैं। कोहली साल 2017 और 2018 में यह कारनामा कर चुके हैं। गिल ने अपने टेस्ट करियर के 39 मुकाबलों में 10 शतक जमाए हैं। बतौर कप्तान उन्होंने 12 पारियों में पांचवां शतक लगाया।

दिल्ली में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 518/5 पर घोषित की। इस पारी में यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद रहते हुए 129 रन टीम के खाते में जोड़े। वेस्टइंडीज की तरफ से जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान रोस्टन चेज ने एक विकेट निकाला। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पहला मैच पारी और 140 रन से अपने नाम किया था। ऐसे में मेजबान टीम की कोशिश सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करने की होगी।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com