IND vs WI: ऐसा भी होता है...175 रन बनाने के बावजूद यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज हुए ये शर्मनाक रिकॉर्ड

IND vs WI 2nd Test Match: वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली, लेकिन शतक के बावजूद उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
IND vs WI: ऐसा भी होता है...175 रन बनाने के बावजूद यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज हुए ये शर्मनाक रिकॉर्ड
यशस्वी जायसवाल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yashasvi Jaiswal: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। मुकाबले के दूसरे दिन टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 518 रन पर घोषित की और विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। हालांकि, इस पारी में सबसे ज्यादा चर्चा यशस्वी जायसवाल की रही, जिन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों की पारी खेली। मगर, दोहरे शतक के करीब पहुंचकर रन आउट होने की वजह से उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।

175 पर रन आउट हुए जायसवाल

पहले दिन से ही जायसवाल आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। 258 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने 22 चौके जड़े और एक शानदार पारी को अंजाम दिया। लेकिन जब वह दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी एक गलत कॉल की वजह से वह रन आउट हो गए। उनकी पारी का अंत 175 रन पर हुआ, जिससे वह दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए।

यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज हुए ये शर्मनाक रिकॉर्ड

उनका यह आउट होना भले ही टीम के बड़े स्कोर में फर्क नहीं डाल सका, लेकिन व्यक्तिगत रूप से यह पल निराशाजनक था। इसी के साथ जायसवाल उस लिस्ट में शामिल हो गए, जिसमें भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गज बल्लेबाजों के नाम पहले से मौजूद हैं। इस सूची में राहुल द्रविड़, विजय हजारे और संजय मांजरेकर जैसे महान बल्लेबाजों का नाम भी शामिल है—जो अपने उच्च व्यक्तिगत स्कोर पर रन आउट हुए थे। साल 1989 में संजय मांजरेकर पाकिस्तान के खिलाफ 218 रन बनाकर रन आउट हुए थे। वहीं, राहुल द्रविड़ 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 217 और 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 180 रन बनाकर रन आउट हुए थे। अब इस रिकॉर्ड की कतार में यशस्वी जायसवाल का नाम भी जुड़ गया है।

सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर पर रन आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज

रन बल्लेबाज बनाम स्थान साल
218 संजय मांजेरेकर पाकिस्तान लाहौर 1989
217 राहुल द्रविड़ इंग्लैंड ओवल 2002
180 राहुल द्रविड़ ऑस्ट्रेलिया कोलकाता 2001
175 यशस्वी जायसवाल वेस्टइंडीज दिल्ली 2025
155 विजय हजारे इंग्लैंड मुंबई 1951
144 राहुल द्रविड़ श्रीलंका कानपुर 2009

हालांकि, जायसवाल की यह पारी टीम इंडिया के लिए बेहद अहम रही। उनकी बल्लेबाजी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और यह साबित किया कि युवा बल्लेबाज बड़े मैचों में भी दबाव झेलने का माद्दा रखते हैं। भले ही रन आउट ने उनके दोहरे शतक का सपना तोड़ दिया हो, लेकिन इस पारी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के भविष्य के सबसे भरोसेमंद नामों में शामिल कर दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com