IND vs AFG 2nd ODI: 400+ स्कोर के बाद भी भारत के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड, पूरे ओवर खेलने से पहले सिमटी पारी
IND vs AFG: लखनऊ में वनडे में भारतीय टीम ने 402 रनों का विशाल स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया है। हालांकि, मैच में एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड भी बना जो वनडे क्रिकेट में आज तक कभी नहीं देखा गया था। पूरी रिपोर्ट
- Written By: दिव्या सिंह
लखनऊ में वनडे मैच में भारतीय टीम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Team India Shameful Record In ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीता और भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। इसके बाद मैदान पर उतरी टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने रनों की ऐसी बारिश की कि स्कोरबोर्ड पर 402 रनों का विशाल पहाड़ खड़ा हो गया।
यशस्वी और रोहित रहे फ्लॉप
इस मुकाबले में भारतीय टीम को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए यशस्वी जायसवाल से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वे इस सुनहरे मौके का फायदा नहीं उठा सके और जल्दी आउट हो गए। कप्तान रोहित शर्मा ने क्रीज पर आंखें जरूर जमाईं, लेकिन वे भी अपनी शुरुआत को एक बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। इसके बाद मैदान पर कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का तूफान आया। दोनों के बीच हुई ऐतिहासिक और जादुई साझेदारी ने मैच का पासा ही पलट दिया।
एक ही ओवर में दोनों के शतक
शुभमन गिल शुरुआत से ही बेहद शानदार लय में दिखे और उन्होंने अफगानी गेंदबाजों को सेट होने का कोई मौका नहीं दिया। दूसरी तरफ, ईशान किशन ने थोड़ी धीमी शुरुआत की, लेकिन जैसे ही उन्होंने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की, उनका रौद्र रूप देखने को मिला। ईशान ने अपनी अगली फिफ्टी महज 19 गेंदों में कूट दी। कमाल की बात यह रही कि दोनों बल्लेबाजों ने एक ही ओवर के भीतर अपने-अपने शतक पूरे किए। इस दौरान भारत का स्कोर 450 रनों के पार जाता दिख रहा था।
सम्बंधित ख़बरें
इकाना में टीम इंडिया का धमाका: ODI में 8वीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार, वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
शुभमन गिल ने रचा इतिहास: शिखर धवन और विराट कोहली को पछाड़कर निकले आगे, इस चक्कर में चूके दोहरा शतक
IND vs AFG: दूसरे वनडे से बाहर हुए ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी, सामने आई बड़ी वजह
इकाना में महाधमाका: एक ही ओवर में गिल और ईशान किशन ने जड़ा शतक, बिलाल सामी के ओवर में रचा इतिहास
आखिरी ओवरों में ताश के पत्तों की तरह ढह गया मिडिल ऑर्डर
जैसे ही गिल और ईशान की यह मजबूत जोड़ी टूटी, भारतीय पारी की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया। मध्यक्रम और निचले क्रम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका और न ही टीम को वो फिनिशिंग टच दे पाया जिसकी तलाश थी। भारतीय टीम ने आखिरी 10 ओवरों में अपने 7 विकेट गंवा दिए। पूरी टीम 49.5 ओवरों में 402 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
आपको बता दें कि क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी टीम ने 400 से अधिक का स्कोर बनाया और वह 50 ओवर के पहले ऑलआउट हो गई।
आंकड़ों के झरोखे से समझिए मैच का पूरा हाल
भारतीय पारी का ग्राफ बेहद दिलचस्प रहा। टीम ने पहले 1 से 10 ओवर में 1 विकेट पर 80 रन बनाए थे। इसके बाद 11 से 40 ओवर के बीच टीम इंडिया ने सिर्फ 2 विकेट खोकर 260 रन कूट डाले। लेकिन आखिरी के 41 से 50 ओवरों के बीच भारतीय टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और महज 62 रन जोड़कर अपने 7 विकेट गंवा बैठी।
अफगानी तेज गेंदबाजों का बना सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
इस सीरीज में अफगानिस्तान के तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने अब तक कुल 27.4 ओवर फेंके हैं, जिसमें 9.65 की बेहद महंगी इकोनॉमी रेटसे 267 रन लुटाए हैं और उन्हें सिर्फ 2 विकेट ही नसीब हुए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 133.50 का रहा है। वनडे क्रिकेट के इतिहास में जब भी किसी टीम के तेज गेंदबाजों ने किसी सीरीज में 25 से ज्यादा ओवर फेंके हैं, यह अब तक का सबसे खराब इकोनॉमी रेट है।
ये भी पढ़ें- IND A ने AFG A को दिया 320 रनों का टारगेट, प्रियांश, तिलक और कुशाग्र ने जड़ा अर्धशतक
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा वनडे स्कोर
लखनऊ में बनाया गया भारत का 402 रनों का यह स्कोर वनडे क्रिकेट इतिहास में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया नंबर वन पर है, जिसने साल 2015 में पर्थ के मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ 6 विकेट खोकर 417 रन बनाए थे। इसके बाद अब भारत (402 रन) दूसरे नंबर पर आ गया है। इंग्लैंड की टीम 397 रनों के साथ तीसरे और श्रीलंका 381 रनों के साथ चौथे नंबर पर है। कुल मिलाकर भारत ने एक मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया है और अफगानिस्तान को अब करिश्मा करना होगा।
