भारतीय टीम के खिलाड़ी (फोटो-सोशल मीडिया)
India Equal Australia’s 70-Year-Old Test Record: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने एक और बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही भारतीय टीम विदेशी दौरे पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया की दूसरी टीम बन गई है।
यशस्वी जायसवाल के शतक की बदौलत भारतीय टीम ने इस बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की। 1955 में कैरेबियाई द्वीपों में वेस्टइंडीज टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों ने कुल 12 शतक बनाए थे। वहीं जायसवाल के इस शतक के बदौलत भारतीय टीम ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में अपने शतकों की संख्या 12 तक पहुंचा दी है।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मौजूदा सीरीज में चार शतक (147, 269, 161 और 103) बनाए हैं, जबकि जायसवाल (101 और 100*), केएल राहुल (137 और 100) और ऋषभ पंत (134 और 118) ने भी इस सीरीज में एक से ज्यादा शतक जड़े हैं। उनके अलावा रविंद्र जडेजा (107*) और वाशिंगटन सुंदर (101*) ने भी मौजूदा सीरीज़ में एक-एक शतक लगाया है।
खिलाड़ी | रन | गेंदें | 4/6 | स्थान |
---|---|---|---|---|
यशस्वी जायसवाल | 101 | 159 | 16/1 | लीड्स |
शुभमन गिल | 147 | 227 | 19/1 | लीड्स |
ऋषभ पंत | 134 | 178 | 12/6 | लीड्स |
के. एल. राहुल | 137 | 247 | 18/0 | लीड्स |
ऋषभ पंत | 118 | 140 | 15/3 | लीड्स |
शुभमन गिल | 269 | 387 | 30/3 | बर्मिंघम |
शुभमन गिल | 161 | 162 | 13/8 | बर्मिंघम |
के. एल. राहुल | 100 | 177 | 13/0 | लॉर्ड्स |
शुभमन गिल | 103 | 238 | 12/0 | मैनचेस्टर |
रवींद्र जडेजा | 107* | 185 | 13/1 | मैनचेस्टर |
वॉशिंगटन सुंदर | 101* | 206 | 9/1 | मैनचेस्टर |
यशस्वी जायसवाल | 100* | 127 | 14/2 | द ओवल |
वहीं सबसे ज्यादा एक सीरीज में शतक बनाने के मामले साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान की टीम भी शामिल है। दोनों ने एक-एक सीरीज में 12-12 शतक बनाए हैं। लेकिन इन दो देशों ने यह कारनामा अपने घर में किया है। जबकि ऑस्ट्रेलिया और भारत ने यह कारनामा विदेशी सरजमीं पर किया है।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल ने तोड़ा ग्राहम गूच का रिकॉर्ड, IND vs ENG सीरीज में ऐसा करने वाले…
रविंद्र जडेजा अगर ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में कम से कम 37 रन बना लेते हैं, तो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार कम से कम तीन भारतीय बल्लेबाज किसी टेस्ट सीरीज में 500 रनों का आंकड़ा पार कर लेंगे। गिल एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने पांच मैचों की 10 पारियों में कुल 754 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने पांच मैचों में 532 रन बनाए।