IND vs NZ 3rd T20I Pitch Report: गेंदबाज या बल्लेबाज, कौन किस पर रहेगा हावी? जानिए गुवाहाटी की पिच का मिजाज

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
IND vs NZ 3rd T20I Pitch Report: गेंदबाज या बल्लेबाज, कौन रहेगा हावी? जानिए गुवाहाटी की पिच का मिजाज
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND vs NZ 3rd T20I Pitch Report: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बनाए हुए है। अब तीसरा मुकाबला जीतते ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया सीरीज अपने नाम कर लेगी। यह अहम मैच गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम, बरसापारा में खेला जाएगा। इस मैदान पर भारत का टी20 रिकॉर्ड मिला-जुला रहा है, जहां टीम ने अब तक 3 मुकाबलों में से सिर्फ 1 में जीत दर्ज की है, जबकि 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में घरेलू मैदान पर भारत जीत के साथ इतिहास सुधारना चाहेगा।

पिच रिपोर्ट

एसीए स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां लाल मिट्टी की पिच होती है, जिस पर रन बनाना आसान रहता है। शाम के समय ओस गिरने की संभावना रहती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। गेंदबाजों को शुरुआत में हल्की स्विंग मिल सकती है, लेकिन कुल मिलाकर यहां एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।

क्या कहता है मौसम का मिजाज?

भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा टी20 रविवार, 25 जनवरी को शाम 7 बजे से खेला जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दिन सुबह 6 से 9 बजे के बीच हल्की बारिश की संभावना है, जो करीब 5 से 10 प्रतिशत तक बताई जा रही है। हालांकि शाम के समय बारिश की संभावना न के बराबर है। शाम 6 बजे तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जो रात 9 बजे तक गिरकर 17 डिग्री तक जा सकता है। ऐसे में पूरे मैच के होने की उम्मीद है।

तीसरे टी20 में भारतीय टीम के संयोजन पर सबकी नजर रहेगी। ऑलराउंडर अक्षर पटेल पहले मैच में चोटिल हो गए थे, जिसके बाद दूसरे मुकाबले में उनकी जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। अब देखना होगा कि अक्षर फिट होकर गुवाहाटी में खेल पाते हैं या नहीं। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दूसरे टी20 में आराम दिया गया था और उनकी जगह हर्षित राणा को मौका मिला था। माना जा रहा है कि बुमराह को तीसरे मैच में भी आराम दिया जा सकता है।

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने अब तक 3 टी20 मैच खेले हैं। नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने यहां भारत को 5 विकेट से हराया था। वहीं 2022 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से मात दी थी। इस मैदान पर पहला टी20 मुकाबला भी ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से जीता था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com