IND vs SL: संजू सैमसन ने रचा इतिहास, तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड, Asia Cup T20I में कर दिया बड़ा कारनामा
Asia Cup 2025 IND vs SL: सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ संजू सैमसन ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और पूर्व कप्तान एमएस धोनी का खास रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रचा।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
संजू सैमसन और तिलक वर्मा (फोटो- सोशल मीडिया)
IND vs SL: एशिया कप 2025 के सुपर-4 का आखिरी मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने बल्ले से धमाल मचाते हुए टूर्नामेंट के टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। भारतीय बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को बिल्कुल भी संभलने का मौका नहीं दिया।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 31 गेंदों में 61 रन ठोके। उनकी इस पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं, तिलक वर्मा ने भी 34 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। आखिर में अक्षर पटेल ने भी तेजतर्रार 21 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लेकिन इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहे संजू सैमसन। उन्होंने 23 गेंदों में 39 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 1 चौका और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए। इसी के साथ उन्होंने एशिया कप टी20 फॉर्मेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सम्बंधित ख़बरें
रांची से विश्व क्रिकेट के शिखर तक… आखिर कैसे बने करोड़ों दिलों के सबसे चहेते MS Dhoni?
7 जुलाई का इतिहास : एमएस धोनी का जन्म, ल्यूमिर बंधुओं ने रखी भारतीय सिनेमा की नींव
जन्मदिन विशेष: रांची से दुनिया तक… कैसे कैप्टन कूल बने करोड़ों दिलों की धड़कन; जानिए MS धोनी की पूरी कहानी
सैमसन जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज से बाहर, सूर्यवंशी को लगातार तीसरी सीरीज में मौका, रिंकू सिंह-मयंक यादव की वापसी
संजू ने रचा इतिहास, तोड़ा धोनी का अहम रिकॉर्ड
दरअसल, संजू सैमसन एशिया कप टी20 के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इस टूर्नामेंट में अब तक उन्होंने कुल 6 छक्के जड़ दिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था, जिन्होंने साल 2016 के एशिया कप में 4 छक्के लगाए थे। यानी सैमसन ने धोनी को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया। खास बात यह है कि अभी तक किसी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने एक सीजन में 5 या उससे ज्यादा छक्के नहीं लगाए थे।
टीम इंडिया का स्कोर 202
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने उनकी एक न चली। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बना डाले। इस स्कोर को एशिया कप टी20 के इतिहास का सबसे बड़ा टीम टोटल माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: एशिया कप में भारत ने लगाया जीत का ‘छक्का’, सुपर ओवर में श्रीलंका को हराया
श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में पांच अलग-अलग खिलाड़ियों को 1-1 विकेट जरूर मिला, लेकिन रन रोकने में कोई सफल नहीं हो सका। भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक पारी ने श्रीलंका को पूरी तरह दबाव में ला दिया। इस मुकाबले में भारत का दबदबा साफ दिखा और संजू सैमसन की यह उपलब्धि लंबे समय तक याद की जाएगी।
