‘वो सलाह भी मांगते हैं’, SRH के इस धाकड़ खिलाड़ी ने Ishan Kishan की कप्तानी के पढ़े कसीदे
Ishan Kishan: हेनरिक क्लासेन ने ईशान किशन की कप्तानी की तारीफ करते हुए उन्हें शांत और समझदार लीडर बताया। उन्होंने कहा कि टीम का माहौल शानदार है और उनके नेतृत्व में खेलना मजेदार अनुभव है।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
हेनरिक क्लासेन के साथ ईशान किशन (फोटो-सोशल मीडिया)
Heinrich Klaasen on Ishan Kishan: सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने कप्तान ईशान किशन को एक बेहतरीन कप्तान बताते हुए कहा है कि जिस तरह से टीम इस युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज का साथ देती है, वह ‘बस कमाल का’ है। इसके साथ ही क्लासेन ने किशन के फैसले लेने में शांत रहने और टीम में मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा करने की इच्छा को भी सराहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल कमर की चोट से उबर रहे हैं। इस वजह से शुरुआती मुकाबलों के लिए ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी गई है। ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 में से 1 मैच जीत पाए हैं, जबकि 2 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद है।
Ishan Kishan हमेशा सलाह मांगते हैं
क्लासेन ने आईपीएल 2026 राइवलरी वीक से पहले जियोस्टार प्रेस रूम में ‘आईएएनएस’ के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि अब तक उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह ऐसे इंसान हैं जो सलाह मांगते हैं। हमारे ड्रेसिंग रूम में बहुत अनुभव है। इसलिए वह उस अनुभव का फायदा भी उठाते हैं, लेकिन उनके फैसले लेने का तरीका, जिस तरह से वह गेंदबाजों को बदलते हैं, जिस तरह से टीम उनकी बात सुनती है, वह अब तक बस कमाल का रहा है।”
सम्बंधित ख़बरें
IND vs AFG: शतकवीर ईशान किशन वनडे फॉर्मेट में वापसी पर बेहद खुश, कहा- जर्सी दोबारा पहनकर गर्व महसूस हो रहा
खेल के मैदान में अफगानिस्तान की दुर्गति! भारत ने 170 रनों से हराया, झेली ODI इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी शिकस्त
इकाना में महाधमाका: एक ही ओवर में गिल और ईशान किशन ने जड़ा शतक, बिलाल सामी के ओवर में रचा इतिहास
नए सिक्सर किंग वैभव सूर्यवंशी ने खोला अपनी कामयाबी का राज, जानिए गेंदबाजों के खिलाफ ‘Baby Boss’ का पूरा प्लॉन?
Ishan Kishan के नेतृत्व में खेलना मजेदार अनुभव
उन्होंने कहा, “टीम बहुत अच्छे हाथों में है और अच्छी बात यह है कि वह बिल्कुल भी घमंडी इंसान नहीं हैं, जिससे चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। उनके नेतृत्व में खेलना सच में बहुत मजेदार अनुभव है। इसलिए माहौल को ज्यादा गंभीर न बनाने के लिए बीच-बीच में काफी मजाक-मस्ती होती रहती है, क्योंकि मुझे लगता है कि यह माहौल कभी-कभी खेलने के लिए काफी मुश्किल हो सकता है।”
Ishan Kishan को घरेलू क्रिकेट से मिली है काफी सफलता
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, और उन्हें घरेलू क्रिकेट में भी काफी सफलता मिली है। मुझे लगता है कि उनकी घरेलू टीम ने एक टूर्नामेंट जीता था (झारखंड ने उनकी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी)। इसलिए इस मामले में उनके पास काफी अनुभव है, लेकिन अब तक, मुझे उनकी कप्तानी में खेलने में सच में बहुत मजा आया है, और अब तक उनका प्रदर्शन जबरदस्त रहा है।”
क्लासेन ने अपनी पारी से खींचा अपना ध्यान
इस सीजन में एसआरएच के दो मैच हारने के बावजूद हेनरिक क्लासेन ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। क्लासेन ने आरसीबी के विरुद्ध 31 रन की पारी खेलने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 52 रन बनाए, जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध 62 रन की पारी खेली। क्लासेन ने कहा कि वह अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। यह संतुष्टि उन्हें इसलिए भी ज्यादा मिली है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद और सिर्फ फ्रेंचाइजी टी20 लीग खेलने के कारण उन्हें खेलने का सीमित समय ही मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: अनिल चौधरी से लेकर नितिन मेनन तक, IPL इतिहास के वो अंपायर जिन्होंने सबसे ज्यादा मुकाबले में की अंपायरिंग
उन्होंने कहा, “बदकिस्मती से हम दो मैच हार गए हैं, लेकिन निजी तौर पर, यह एक अच्छी शुरुआत रही है, खासकर इसलिए क्योंकि मेरी सबसे बड़ी चिंताओं में से एक यह थी कि मैं उतना क्रिकेट नहीं खेल पा रहा था, जितना पहले खेलता था। साथ ही, यह देखने के लिए भी था कि क्या मैं अभी भी उस स्तर को बनाए रख सकता हूं, जो मैंने अपने लिए तय किया था। मेरे लिए यह काफी अच्छी शुरुआत रही है, उम्मीद है कि यह फॉर्म जारी रहेगा।”
