SRH के लिए नीतीश रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले पहली जोड़ी बनी

SRH vs LSG: IPL 2026 में SRH ने LSG के खिलाफ 156 रन बनाए। इस दौरान हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
IPL 2026, SRH vs LSG
नीतीश रेड्डी और हेनरिक क्लासेन (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IPL 2026, SRH vs LSG: आईपीएल 2026 का 10वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है। हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 156 रन बनाए। इसके साथ ही टीम के दो धाकड़ खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।

26 रनों के स्कोर पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की पारी को नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी निभाई। यह आईपीएल इतिहास में एसआरएच की ओर से पांचवें विकेट या उससे निचले क्रम के बल्लेबाजों द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारी है।

SRH के लिए हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी का अर्धशतक

हेनरिक क्लासेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। वहीं, नीतीश रेड्डी भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 33 गेंदों में 56 रन बनाए। नीतीश ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 5 छक्के लगाए। इस दोनों के बदौलत ही सनराइजर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाया।

मुकाबले का हाल

एलएसजी के खिलाफ टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा को मोहम्मद शमी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, ट्रेविस हेड को भी शमी ने 7 रनों के स्कोर पर आउट किया। कप्तान ईशान किशन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और प्रिंस यादव की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। लियाम लिविंगस्टन ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद 14 रन बनाए। इसके बाद नीतीश और क्लासेन की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और अहम साझेदारी निभाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने यह मुकाबला आखिरी ओवर में पांच विकेट से जीत लिया। लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 68 रनों की पारी खेली। उसके अलावा एडेन मार्करम ने 45 रन बनाए। अंत में अब्दुल समद ने 16 रनों का योगदान दिया। वहीं मार्श ने 14 रनों की पारी खेली।

Navbharat Live
navbharatlive.com