Shubman Gill-Ishan Kishan Hit Century In IND vs AFG 2nd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीता और भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। लेकिन उनका यह फैसला भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह गलत साबित कर दिया।
मैच के 33वें ओवर में लखनऊ के मैदान पर एक ऐसा ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला जो क्रिकेट इतिहास में बहुत कम देखने को मिलता है। अफगानिस्तान के गेंदबाज बिलाल सामी का यह 33वां ओवर बेहद महंगा और यादगार साबित हुआ। इसी एक ओवर के भीतर भारतीय कप्तान शुभमन गिल और उनके जोड़ीदार ईशान किशन दोनों ने अपने-अपने शानदार शतक पूरे किए।
बिलाल सामी के ओवर की एक लेंथ बॉल पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में चौका जड़कर शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का 9वां शतक पूरा किया। पहले टेस्ट में शतक और फिर पहले वनडे में नाबाद 84 रन बनाने के बाद गिल की यह लगातार दूसरी बेहतरीन पारी है। उन्होंने मात्र 77 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की, जिसके बाद उन्होंने हेलमेट उतारकर अपने चिर-परिचित अंदाज में झुककर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके साथ ही गिल भारतीय कप्तानों द्वारा सबसे तेज वनडे शतक लगाने की लिस्ट में 77 गेंदों के साथ पांचवें नंबर पर आ गए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा (63 गेंद) टॉप पर हैं।
कप्तान गिल के शतक पूरा करने के ठीक बाद इसी ओवर में ईशान किशन ने भी अपना गियर बदला। बिलाल सामी की बाहर जाती गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट की तरफ शानदार चौका मारकर ईशान किशन ने भी अपना शतक पूरा किया। ईशान ने अपनी इस पारी में अद्भुत बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पहली फिफ्टी 52 गेंदों में पूरी की थी, लेकिन इसके बाद के 53 रन उन्होंने महज 19 गेंदों में कूट दिए। ईशान ने केवल 71 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल (76 गेंद) को पीछे छोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें-
रोहित और यशस्वी की पारियां
इससे पहले पारी की शुरुआत करने उतरे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सलीम सफी की गेंद पर नांगेयालिया खारोती को कैच थमाकर केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन वह 48 रन के निजी स्कोर पर स्टार स्पिनर राशिद खान की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद गिल और ईशान ने मिलकर अफगानी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई।