वो महिला खिलाड़ी जिसकी कप्तानी में भारत पहली बार बना वर्ल्ड चैंपियन, जानें क्यों दी थी बालों की कुर्बानी
Happy Birthday Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने कप्तानी में पहली बार भारतीय महिला टीम को वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
हरमनप्रीत कौर (फोटो-सोशल मीडिया)
Harmanpreet Kaur Birthday: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में हरमनप्रीत कौर का बड़ा योगदान रहा है। विश्व क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर की तूती बोलती है। हरमनप्रीत कौर ने कई मौके पर शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को मुश्किल स्थिति से निकाल कर जीत दिला दिया है।
हरमनप्रीत कौर भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में 3 हजार रन बनाने वाली पहली क्रिकेटर भी हैं। हरमनप्रीत को बचपन से ही क्रिकेट में खास दिलचस्पी थी। हरमनप्रीत का जन्म 8 मार्च 1989 को पंजाब के मोगा में हुआ था। हरमनप्रीत को छोटी उम्र से ही क्रिकेट खेलने का काफी शौक था। हरमनप्रीत के पिता हरमंदर सिंह भुल्लर, वॉलीबॉल खिलाड़ी थे और इसी कारण भारतीय महिला टीम की कप्तान को पिता का पूरा सपोर्ट मिला। हरमनप्रीत दिन-रात बल्लेबाजी की प्रैक्टिस करती थीं और जल्द ही उन्होंने इस खेल में महारत हासिल कर ली।
बड़े बाल होने की वजह से आई थी दिक्कत
हरमनप्रीत क्रिकेट खेलने के लिए हर हद से गुजरने को तैयार थीं। हरमनप्रीत ने बताया था कि एक समय पर उन्हें बाल बड़े होने की वजह से बल्लेबाजी करने में दिक्कत आ रही थी, तो हरमनप्रीत ने अपने बाल ही कटवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद हरमनप्रीत के पिता उनसे काफी गुस्सा हो गए थे और लगभग तीन महीने तक हरमनप्रीत से बातचीत नहीं की थी।
सम्बंधित ख़बरें
ICC Rankings में हरमनप्रीत कौर का जलाव, टॉप-10 में मारी धमाकेदार एंट्री, इन दो प्लेयर्स को हुआ नुकसान
महिला क्रिकेट में दीप्ति शर्मा का रिकॉर्ड, बनीं तीनों फॉर्मेट में 5 विकेट हॉल लेने वाली दुनिया की चौथी गेंदबाज
T20 World Cup 2026 के मेगा इवेंट से पहले कितने मैच खेलेगी टीम इंडिया? यहाँ देखें पूरा शेड्यूल
Ind W vs SA W T20: लगातार 3 हार के बाद भारत को मिली जीत, दीप्ति शर्मा के आगे साउथ अफ्रीको ने टेके घुटने
2009 में किया था पदार्पण
हरमनप्रीत ने साल 2009 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। इसके बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन से टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली। हालांकि, हरमनप्रीत पहली बार सुर्खियों में साल 2017 में खेले गए महिला वर्ल्ड कप 2017 में आईं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 171 रनों की लाजवाब पारी खेली। हरमनप्रीत के बल्ले से निकली यह पारी महिला क्रिकेट इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई।
हरमनप्रीत कौर (फोटो-सोशल मीडिया)
टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से शतक लगाने वाले पहली बैटर बनी
साल 2018 में हरमनप्रीत कौर टी20 विश्व कप में भारत की ओर से शतक लगाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनीं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 103 रनों की शानदार पारी खेली। हरमनप्रीत की अगुवाई में साल 2025 में टीम इंडिया ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप के खिताब को भी अपने नाम किया। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व विजेता बनाने वाली पहली कप्तान बनीं। खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया था।
यह भी पढ़ें: एलिस पेरी ने रचा इतिहास, महिला टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाली ऑस्ट्रेलिया की पहली खिलाड़ी बनी
हरमनप्रीत कौर का करियर
हरमनप्रीत कौर भारत की तरफ से 6 टेस्ट, 164 वनडे और 190 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 8,563 रन बनाए हैं। हरमनप्रीत ने तीनों फॉर्मेट में अब तक कुल 8 शतक और 40 अर्धशतक लगाए हैं। हरमनप्रीत को महिला क्रिकेट में अहम योगदान के लिए ‘पद्म श्री’ और ‘अर्जुन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।
