IND vs SA: पहले T20I में बुमराह-हार्दिक रचेंगे इतिहास, 'अनोखा शतक' पूरा कर हासिल करेंगे बड़ी उपलब्धि

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 9 दिसंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में कटक में बुमराह और हार्दिक पांड्या 100 टी20 विकेट का मुकाम छू सकते हैं।
IND vs SA: पहले T20I में बुमराह-हार्दिक रचेंगे इतिहास, 'अनोखा शतक' पूरा कर हासिल करेंगे बड़ी उपलब्धि
जसप्रीत बुूमराह और हार्दिक पांड्या (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

India vs South Africa 1st T20 Match: लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद हार्दिक पांड्या एक बार फिर पूरी तरह फिट होकर मैदान पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। हालिया मुकाबलों में हार्दिक ने न केवल अपनी बल्लेबाजी से असर छोड़ा है, बल्कि गेंदबाजी में भी वह पहले से ज्यादा धारदार नजर आए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज उनके लिए खुद को साबित करने का शानदार मौका लेकर आई है।

पहले टी20 में हासिल हो सकता है बड़ा मुकाम

कटक में खेले जाने वाले पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में हार्दिक पांड्या के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर होगा। टीम इंडिया के इस स्टार ऑलराउंडर ने अब तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 98 विकेट झटके हैं। अगर वह इस मुकाबले में दो विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो वह भारत की ओर से टी20 में 100 विकेट लेने वाले चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।

बुमराह भी रिकॉर्ड से महज एक कदम दूर

हार्दिक पांड्या के साथ-साथ जसप्रीत बुमराह भी कटक में एक खास उपलब्धि की दहलीज पर खड़े हैं। बुमराह के नाम फिलहाल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 99 विकेट दर्ज हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगर वह एक विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह भारत की ओर से टी20 में 100 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल अर्शदीप सिंह के नाम है। अर्शदीप इस फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं। बुमराह और हार्दिक दोनों ही अब इस खास क्लब में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं, जिससे कटक का मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है।

सीरीज में हार्दिक से होंगी बड़ी उम्मीदें

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी टी20 सीरीज में टीम इंडिया की नजरें हार्दिक पांड्या पर टिकी होंगी। फिट होने के बाद हार्दिक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उनके बल्ले ने जमकर रन उगले। उन्होंने कई मौकों पर अकेले दम पर बड़ौदा टीम को जीत दिलाई और अपनी मैच जिताने की काबिलियत दोबारा साबित की।

टीम इंडिया को मिलेगा संतुलन

हार्दिक पांड्या की मौजूदगी से भारतीय टीम का बैटिंग ऑर्डर पहले से ज्यादा संतुलित नजर आ रहा है। वह निचले क्रम में तेजी से रन बनाने के साथ-साथ अहम मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह सीरीज हार्दिक के लिए खुद को पूरी तरह स्थापित करने का बड़ा मंच साबित हो सकती है।