दूसरे टी-20 में इंग्लैंड महिला टीम का पलटवार, भारत को शिकस्त देकर सीरीज में की 1-1 से बराबरी
india vs England Women Match Report: इंग्लैंड महिला टीम ने दूसरे टी20 में भारत को 26 रन से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। फ्रेया केम्प की 13 गेंदों में नाबाद 39 रन की पारी मैच का टर्निंग पॉइंट रही।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
भारत बनाम इंग्लैंड (फोटो- सोशल मीडिया)
INDW vs ENGW 2nd t20 Match Result: इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 26 रन से मात दी। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। इंग्लैंड की सफलता में ऑलराउंडर फ्रेया केम्प की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की अहम भूमिका रही।
फ्रेया केम्प ने बदला मैच का रुख
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम एक समय सामान्य स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही थी, लेकिन निचले क्रम में फ्रेया केम्प ने तूफानी बल्लेबाजी कर मुकाबले का रुख बदल दिया। सातवें नंबर पर उतरी केम्प ने सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 39 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। अंतिम ओवरों में डेनियल गिब्सन ने भी उपयोगी 11 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इंग्लैंड के शीर्ष क्रम का मिला योगदान
इंग्लैंड की शुरुआत ज्यादा प्रभावशाली नहीं रही और सोफिया डंकली जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद डैनी व्याट-हॉज ने 29 रन और एमी जोन्स ने 28 रन बनाकर पारी को संभाला। एलिस कैप्सी ने भी 28 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान हीदर नाइट ने 18 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारत की ओर से श्री चरणी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। श्रेयंका पाटिल और नंदनी शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
सम्बंधित ख़बरें
इंडियन पैडल टूर 2026-27 का ऐलान: देश के 10 शहरों में होंगे 19 टूर्नामेंट्स, मुंबई से होगी शुरुआत
SL vs IND: 15 अगस्त से भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का आगाज, जानिए WTC पॉइंट्स टेबल और ICC रैंकिंग का पूरा गणित
2027 World Cup से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिले टीम इंडिया में मौका? पूर्व चयनकर्ता ने BCCI से की बड़ी मांग
CWG 2026 Day 7: मुरली श्रीशंकर से गोल्ड की उम्मीद, आज भारत के लिए दांव पर 9 मेडल इवेंट्स
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई भारतीय टीम
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही। शेफाली वर्मा ने 22 और स्मृति मंधाना ने 32 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद यास्तिका भाटिया ने 33 रन बनाए, लेकिन उनकी धीमी पारी टीम के लिए ज्यादा मददगार साबित नहीं हुई।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 28 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी बिखर गई। जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष और निचले क्रम की बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सकीं। परिणामस्वरूप भारत 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 142 रन ही बना सका।
ये भी पढ़ें: टी20 इनटरनेशनल में हरमनप्रीत कौर का बड़ा रिकॉर्ड, छुआ 4 हजार रन का आंकड़ा, इस लिस्ट में मारी एंट्री
इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पूरे मैच में भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। चार्ली डीन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके, जबकि लॉरेन बेल और फ्रेया केम्प ने भी दो-दो सफलताएं हासिल कीं। सोफी एक्लेस्टोन ने एक विकेट लेकर भारत की वापसी की उम्मीदों को और कमजोर कर दिया।
