नई दिल्लीः भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अलविदा कह दिया है। कार्तिक ने भारत के लिए 26 टेस्ट मैचों के अलावा 95 वनडे और 60 टी20 मैच खेले। उन्होंने आईपीएल के 257 मैच खेले। पिछले दिनों दिनेश कार्तिक आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की तरफ से खेलते नजर आए थे। RCB के अलावा कार्तिक KKR,दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और गुजरात लॉयंस की तरफ से खेले थे।
कार्तिक ने हाल ही में आईपीएल से अलविदा कहा था। दिनेश कार्तिक ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कोच और फैंस समेत फैमिली और पत्नी दीपिका पल्लीकल का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने एक पोस्ट करते हुए कहा, ‘यह ऑफिशियल है।’
It’s official 💖 Thanks
DK 🙏🏽 pic.twitter.com/NGVnxAJMQ3 — DK (@DineshKarthik) June 1, 2024
कार्तिक ने एक्स पर लिखा, “काफी सोच विचार के बाद मैंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। मैं आधिकारिक तौर पर अपने संन्यास की घोषणा करता हूं और आगे आने वाली नयी चुनौतियों के लिए तैयार हूं।” इसके साथ ही उन्होंने एक 53 सेंकड का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में वह टीम इंडिया की जर्सी में दिखाई दे रहे हैं। दिनेश कार्तिक ने साल 2004 में भारत के लिए क्रिकेट में डेब्यू किया था। कार्तिक साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के भी हिस्सा थे। कार्तिक ने भारत के पुर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से पहले भारत की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था।
तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए 180 मैच में प्रतिनिधित्व करते हुए कार्तिक ने एक शतक और 17 अर्धशतक से 3463 रन बनाये हैं। बतौर विकेटकीपर उन्होंने 172 खिलाड़ियों को आउट किया है। वह अंतिम बार भारत के लिए 2022 टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में खेले थे। वह देश के लिए राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के नेतृत्व में भी खेल चुके हैं।