

Lalit Modi Chris Gayle Story: क्रिस गेल का नाम सुनते ही गेंदबाजों के मन में डर बैठ जाता था। जब वह क्रीज पर होते थे तो यह तय माना जाता था कि रन तेजी से बनेंगे। टी20 क्रिकेट में उनकी धाक ऐसी थी कि हर टीम उन्हें अपने साथ जोड़ना चाहती थी। अब इसी दिग्गज बल्लेबाज को लेकर आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है।
ललित मोदी ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया था जब क्रिस गेल को आईपीएल ऑक्शन में किसी टीम ने नहीं खरीदा था। यह मामला साल 2011 का है, जब गेल पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके थे, लेकिन उस सीजन में उन्हें किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं चुना। उस वक्त गेल काफी मुश्किल दौर से गुजर रहे थे और उन्हें पैसों की जरूरत थी।
ललित मोदी ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के साथ बातचीत में इस घटना का जिक्र करते हुए कहा, "मैंने आईपीएल छोड़ा ही था और लंदन वापस आ गया था। तभी मेरे दोस्त क्रिस गेल का फोन आया और उन्होंने बताया कि उन्हें किसी ने नहीं खरीदा है।" उन्होंने आगे बताया, "मैंने उनसे कहा कि तुमने कोलकाता के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और आईपीएल पूरी तरह प्रदर्शन पर आधारित है। तब गेल ने कहा कि उन पर काफी कर्ज है और उन्हें कई बिल चुकाने हैं।"
ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने कई लोगों से बात की, लेकिन कोई भी क्रिस गेल को लेने के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद उन्होंने आरसीबी के मालिक विजय माल्या से संपर्क किया। ललित ने कहा, "मैंने कुछ फोन कॉल किए, लेकिन हर किसी ने मना कर दिया। फिर मैं अपने घर के सामने सड़क पार करके विजय माल्या के पास गया और उनसे कहा कि इस खिलाड़ी को एक मौका दीजिए।" उन्होंने आगे कहा, "विजय ने कहा कि डर्क नेनेस चोटिल हो गए हैं, इसलिए वह गेल को टीम में ले सकते हैं, लेकिन पैसा तभी मिलेगा जब वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने गेल को खुद पर भरोसा रखने की सलाह दी। "मैंने उनसे कहा कि जाओ और प्रदर्शन करो। इसके बाद उन्होंने खुद को साबित किया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।" गौरतलब है कि आरसीबी में शामिल होने के बाद क्रिस गेल ने आईपीएल में कई यादगार पारियां खेलीं और टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में अपनी पहचान और मजबूत कर ली।