ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने रचा इतिहास, एलन बॉर्डर फील्ड पर अजेय रिकॉर्ड; लगातार दर्ज की 21वीं जीत
Australia Women vs India Women: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने भारत को छह विकेट से हराकर एलन बॉर्डर फील्ड पर लगातार 21वीं जीत दर्ज की, जबकि भारतीय टीम 214 रन पर सिमट गई।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Australia Women’s Team: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने वनडे सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भारत के खिलाफ मंगलवार को खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच को 6 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने एलन बॉर्डर फील्ड पर लगातार 21वां मुकाबला अपने नाम कर लिया है। इस मैदान में अभी तक ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को हार नहीं मिली है।
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने यहां 7 फरवरी 1999 को पहला वनडे मैच खेला था, जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 100 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने यहां साल 2006 से 2011 तक न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 7 मैच जीते। 22 अक्टूबर 2017 को इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से हुआ, जिसमें 2 विकेट से जीत दर्ज की।
इसके बाद इस टीम ने अक्टूबर 2019 में श्रीलंका के विरुद्ध यहां 3 वनडे मैच जीते। अक्टूबर 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां लगातार तीन वनडे जीते। ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने जनवरी 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ इस मैदान पर 2 वनडे मैच जीते, जिसके बाद दिसंबर 2024 में भारत के खिलाफ इतने ही मुकाबलों में जीत दर्ज की। अब मेजबान टीम ने वनडे सीरीज के पहले मैच को इस मैदान पर 6 विकेट से अपने नाम किया है।
सम्बंधित ख़बरें
चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पर हुई करोड़ों की बारिश! हारकर भी इंग्लैंड ले गई मोटी रकम; जानें भारत के हिस्से कितना आया?
IND W vs AUS W: सेमीफाइनल की रेस से बाहर हुई टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से हराया
T20 WC IND W vs AUS W: कोच शेली निट्स्के को उम्मीद, भारत के खिलाफ मैच के लिए फिट हो सकती हैं फोएबे लिचफील्ड
Women’s T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ जारी, पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 113 रनों से रौंदा
मुकाबले का हाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 52 रन तक तीन विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत (53 रन, 84 गेंद) और उपकप्तान स्मृति मंधाना (58 रन, 68 गेंद) ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अहम साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर बढ़ाया। काश्वी गौतम ने 43 और ऋचा घोष ने 23 रन का योगदान दिया। हालांकि, मध्य ओवरों में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों ने दबाव बनाया। गार्डनर ने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। अंततः भारतीय टीम 48.3 ओवर में 214 रन पर सिमट गई।
यह भी पढ़ें: IND W vs AUS W: हार के बाद स्मृति मंधाना ने पिच पर फोड़ा ठिकरा, विकेट को लेकर कही ये बड़ी बात
ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से जीता मुकाबला
215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हीली ने 70 गेंदों में 50 रन और फोएबे लिचफील्ड ने ठोस शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े गए। लिचफील्ड 32 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गई। इसके बाद मूनी ने 79 गेंदों में 76 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। मूनी और एनाबेल सदरलैंड (नाबाद 48 रन) ने चौथे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया की झोली में डाल दिया। टीम ने 38.2 ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से श्री चरणी ने दो विकेट चटकाए।
