AUS vs IND: मिताली राज की बादशाहत खत्म करेंगी स्मृति मंधाना! खास रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चाहिए बस इतने रन

Smriti Mandhana Record: भारतीय महिला टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के पास 24 फरवरी से ब्रिस्बेन के गाबा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वह शानदार फॉर्म में हैं।
AUS vs IND: मिताली राज की बादशाहत खत्म करेंगी स्मृति मंधाना! खास रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चाहिए बस इतने रन
मिताली राज और स्मृति मंधाना (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Smriti Mandhana can break Mithali Raj Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां 24 फरवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद एकमात्र टेस्ट मैच भी आयोजित होगा। इस अहम दौरे में टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है। वह दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज के बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुकी हैं।

मिताली राज का रिकॉर्ड निशाने पर

स्मृति मंधाना ने अब तक तीनों फॉर्मेट मिलाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में 10182 रन बना लिए हैं। अगर वह आगामी मैच में 92 रन बना लेती हैं तो इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लोट एडवर्ड्स को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएंगी। इस सूची में फिलहाल दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं, जिन्होंने 343 पारियों में 10652 रन बनाए। वहीं शीर्ष पर मिताली राज का नाम है, जिन्होंने 314 पारियों में 10868 रन बनाए थे। मंधाना को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 687 रन की जरूरत है। चार मैचों में इतने रन बनाना कठिन जरूर है, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इसे पूरी तरह असंभव भी नहीं कहा जा सकता।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार आंकड़े

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंधाना का प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध 21 पारियों में 48.57 की औसत से 1020 रन बनाए हैं। इन पारियों में चार शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं, जो उनके आत्मविश्वास को दर्शाते हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में भी उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। तीन पारियों में 64.50 की औसत से 129 रन बनाकर उन्होंने अपनी निरंतरता साबित की। ऐसे में वनडे सीरीज और टेस्ट मैच में यदि वह एक-दो बड़ी पारियां खेलती हैं, तो रिकॉर्ड के और करीब पहुंच सकती हैं।

छक्कों के मामले में भी बड़ा मौका

स्मृति मंधाना के पास एक और उपलब्धि हासिल करने का अवसर है। महिला वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली खिलाड़ियों की सूची में वह साउथ अफ्रीका की क्लो ट्रायोन के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 74 छक्के लगाए हैं। यदि मंधाना दो और छक्के जड़ देती हैं, तो वह न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया दौरा उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से बेहद खास साबित हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com