हीली के शतक से भारत को मिली करारी शिकस्त, ऑस्ट्रेलिया ने 133 गेंद शेष रहते दर्ज की धमाकेदार जीत

IND-A Women vs AUS-A Women: ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम ने भारतीय टीम को 9 विकेटों से करारी शिकस्त दी। ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिसा हीली ने नाबाद 137 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी।
हीली के शतक से भारत को मिली करारी शिकस्त, ऑस्ट्रेलिया ने 133 गेंद शेष रहते दर्ज की धमाकेदार जीत
एलिसा हीली (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND-A Women vs AUS-A Women, 3rd Match at Brisbane: भारतीय महिला ए टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम के बीच खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। हालांकि, करारी हार के बाद भी भारतीय महिला टीम ने वनडे सीरीज अपने नाम की। भारतीय महिला ए टीम ने शुरुआत के दो मुकाबले जीतकर सीरजी को अपने नाम किया। वहीं इस मुकाबले में एलिसा हीली के नाबाद 137 रनों के बाद भारतीय बॉलर फीकी नजर आई।

तीसरे वनडे में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए शेफाली वर्मा और नंदिनी कश्यप ने मिलकर 86 रनों की साझेदारी की। इस दौरान शेफाली वर्मा 52 रन बनाकर आउट हो गई। उसके बाद नंदिनी भी 28 रन बनाकर 88 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। उसके बाद 89 के स्कोर पर तेजल हसबनिस 1 रन बनाकर आउट हो गई।

216 पर सिमटी भारतीय पारी

लगातार तीन विकेट गंवाने के बाद राघवी बिष्ट और यास्तिका भाटिया ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन राघवी 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। उसके बाद 42 रन बनाकर यास्तिका भी आउट हो गई। 5 विकेट के बाद भारतीय टीम संभल नहीं सकी और 216 पर ऑलआउट हो गई। तनुजा कंवर ने 15, राधा यादव ने 18 और तनुश्री सरकार ने 17 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए गेंदबाजी करते हुए लूसी हैमिल्टन ने 1, सियाना जिंजर ने 2, तालिया मैक्ग्रा ने 3, एला हेवर्ड ने 2 और अनिका लीरॉइड ने 2 विकेट चटकाए।

ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से जीता मुकाबला

जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने महज 27.5 ओवरों में ही मुकाबले को जीत लिया। इस दौरान भारतीय टीम केवल 1 विकेट ही लेने में कामयाब हो सकी। तालिया विल्सन 59 रन बनाकर 137 के स्कोर पर आउट हो गई। उसके बाद कोई विकेट नहीं गिरा। एलिसा हीली ने 85 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 137 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 23 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं रेचल ट्रेनामैन ने 21 रनों की पारी खेली। भारत के लिए एकमात्र विकेट राधा यादव ने लिया। हालांकि भारतीय टीम को कुछ मौके मिले लेकिन वो भुनाने में कामयाब नहीं हो सकी।

भारतीय महिला ए टीम ने जीती वनडे सीरीज

तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में 3 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरे मुकाबले में दो विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली थी। इसी के साथ भारतीय महिला टीम ने वनडे सीरीज जीता था। तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम को 9 विकेट से हार मिली है। लेकिन भारतीय टीम सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com