7 दिन में वर्ल्ड कप से ऑस्ट्रेलिया का बंध गया बोरिया-बिस्तर? ग्रुप स्टेज से बाहर होना तय! देखें प्वाइंट्स टेबल

T20 World Cup Points Table: इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने 3 प्रमुख तेज गेंदबाजों के बिना ही उतरी, जबकि शुरुआती 2 मैच में कप्तान मिचेल मार्श भी नहीं खेल पाए थे।
Australia is all set to be eliminated from the World Cup in just 7 days? Group stage elimination certain! Check out the points table.
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (Image- IANS)
Published on
Updated on

T20 World Cup 2026 Points Table Updated: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने की कगार पर पहुंच जाएगी। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड जैसे प्रमुख गेंदबाजों की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम को कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन महज सात दिनों के भीतर मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम का सफर थमता नजर आ रहा है। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेलने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहले दौर से बाहर होने की स्थिति में है और मंगलवार 17 फरवरी को इस पर अंतिम मुहर लग सकती है।

लगातार दूसरी हार ने बिगाड़ा समीकरण

टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से हुई थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला मैच 11 फरवरी को खेला। उस मुकाबले में टीम ने आयरलैंड को हराकर शानदार आगाज किया था। हालांकि इसके बाद हालात बदल गए। अगले मैच में ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ उलटफेर का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार (पहले 2007 में) था जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया। उम्मीद थी कि टीम श्रीलंका के खिलाफ वापसी करेगी और फिर ओमान को हराकर सुपर-8 में जगह बनाएगी। लेकिन सोमवार 16 फरवरी को मेजबान श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 18 ओवर में 8 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। इस हार ने कंगारू टीम की संभावनाओं को लगभग खत्म कर दिया है।

कुछ ही घंटों में बाहर होने का खतरा

तीन मैचों में सिर्फ 2 अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर है। हर ग्रुप से केवल दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी और फिलहाल श्रीलंका क्वालिफाई कर चुका है। दूसरे स्थान पर जिम्बाब्वे है, जिसके 4 अंक हैं। अब सबकी नजर जिम्बाब्वे और आयरलैंड के मुकाबले पर है। अगर सिकंदर रजा की अगुवाई वाली टीम यह मैच जीत लेती है, तो वह अगले दौर में पहुंच जाएगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त हो जाएगा।

कैसे बच सकती है ऑस्ट्रेलिया?

अगर जिम्बाब्वे आयरलैंड से हारती है, तो भी उसके पास आखिरी मैच में क्वालिफाई करने का मौका रहेगा, जहां उसका सामना श्रीलंका से होगा। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्बाब्वे अपने बचे दोनों मैच हार जाए और वह खुद अपने अंतिम मुकाबले में ओमान को हरा दे।

ऐसी स्थिति में जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड तीनों के 4-4 अंक हो सकते हैं। तब फैसला नेट रनरेट के आधार पर होगा, जहां बेहतर रनरेट होने पर ऑस्ट्रेलिया के पास आगे बढ़ने का मौका रहेगा। फिलहाल कंगारू टीम की किस्मत दूसरे मैचों के परिणाम पर निर्भर करती नजर आ रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com