श्रीलंका में स्वागत के दौरान अर्शदीप सिंह ने किया डांस (Image- Screen Capture/Social Media)
Ind Vs Pak: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब सबकी नजरें 15 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी हैं। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम शुक्रवार रात कोलंबो पहुंची, जहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
श्रीलंका के कलाकारों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ टीम इंडिया का स्वागत किया। इस दौरान तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी कलाकारों के साथ थिरकते नजर आए। वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिखाई दिए।
धुरंधर फिल्म के मशहूर गाने में अक्षय खन्ना के किरदार की तरह ही, भारतीय तेज गेंदबाज ने भी पारंपरिक गाने की धुन में झूमते हुए डांस किया। अर्शदीप के बगल में खड़े अक्षर पटेल अपने साथी खिलाड़ी के डांस स्टेप्स देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
VIDEO | Sri Lanka: Pacer Arshdeep Singh joins Sri Lankan dancers stationed to welcome the team in a traditional fashion. Team India arrived in Colombo ahead of the India–Pakistan T20 World Cup clash. Head coach Gautam Gambhir led the contingent out of the airport, while batter… pic.twitter.com/w8HxsReuF2 — Press Trust of India (@PTI_News) February 13, 2026
भारतीय टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। पाकिस्तान भी दोनों मैच जीतकर दूसरे स्थान पर काबिज है। यह मुकाबला सिर्फ दो अंकों का नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई भी माना जा रहा है। कागजों पर टीम इंडिया मजबूत दिखती है, लेकिन दबाव दोनों टीमों पर बराबर रहेगा।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 15 फरवरी के मैच में अभिषेक शर्मा प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे? टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज पिछले मैच में पेट के संक्रमण के कारण नहीं खेल पाए थे और दो दिन अस्पताल में भर्ती रहे थे। हालांकि नामीबिया के खिलाफ मैच के दौरान वह टीम के साथ मौजूद थे, लेकिन पूरी तरह फिट नजर नहीं आए।
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस महामुकाबले में कौन बाजी मारता है।