ऋषभ पंत की गुहार पर CM धामी का तुरंत जवाब, बोले- उत्तराखंड के गौरव हैं आप, अब अधिकारियों को दिए निर्देश
CM Dhami's Twitter Post: ऋषभ पंत की गुहार पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत जवाब देते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया और जमीन से जुड़ी मदद के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
- Written By: सृष्टि मौर्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और ऋषभ पंत (सोर्स- सोशल मीडिया)
CM Pushkar Singh Dhami Responds To Rishabh’ Post: भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की उत्तराखंड में जमीन खरीदने की गुहार पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब दिया है। सीएम धामी ने पंत की तारीफ करते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया और उनकी मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पंत की ओर से उठाए गए मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं और वे जल्द ही पंत से संपर्क करेंगे।
क्या बोले सीएम धामी?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ऋषभ पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्यार और वापस आकर राज्य के विकास में योगदान देने की इच्छा सराहनीय है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि संबंधित अधिकारी पंत से संपर्क कर नियमों के तहत हरसंभव मदद करेंगे।
प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को… https://t.co/v3iFQVpxUK — Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 8, 2026
सम्बंधित ख़बरें
आधी रात को ऋषभ पंत ने CM धामी से मांगी मदद, आखिर किस चीज की तलाश में हैं स्टार क्रिकेटर?
Kolkata Cycle Rally: सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ कोलकाता में निकली साइकिल रैली, 150 लोगों ने लिया हिस्सा
SL vs IND: पहले सेशन में फेल, फिर स्पिनर्स ने पलटा खेल! श्रीलंका XI पर भारत का शिकंजा, सुथार-कुलदीप चमके
SL vs IND Test: भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज देखने के लिए नहीं लगेगा एक भी पैसा? SLC ने फैंस को दिया बड़ा तोहफा
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, ऋषभ पंत ने आधी रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तराखंड में जमीन खरीदने में मदद की अपील की थी। पंत ने बताया था कि वो दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन पिछले तीन साल से उन्हें रहने के लिए अच्छी और बड़ी जमीन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है और वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं।
पंत ने ये भी बताया कि जमीन से जुड़ा एक मामला पहले से अटका हुआ है। उनके मुताबिक, राज्य के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए काम के बदले उन्हें जमीन मिलनी थी, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले पर ध्यान देने की अपील की और कहा कि वह उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
पंत ने किया साफ
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने ये भी साफ किया कि वो सरकार से मुफ्त जमीन या किसी तरह का तोहफा नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अनुमति मिलती है तो वो सरकार की तय दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं, ताकि अपने गृह राज्य में अपना पहला घर बना सकें। ऋषभ पंत ने ये भी माना कि उन्हें जमीन खरीदने की सरकारी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री से मदद मांगी थी।
यह भी पढ़ें- आधी रात को ऋषभ पंत ने CM धामी से मांगी मदद, आखिर किस चीज की तलाश में हैं स्टार क्रिकेटर?
क्या 3 साल पुराना सपना होगा पूरा?
अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से जवाब मिलने के बाद पंत की इस अपील पर आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। अधिकारियों के जल्द संपर्क करने के आश्वासन के साथ अब ये देखना दिलचस्प होगा कि उत्तराखंड में अपना घर बनाने का पंत का तीन साल पुराना सपना कब पूरा होता है।
