IND vs AFG: ऋषभ पंत रचने जा रहे हैं ऐसा इतिहास, जिसके लिए सिर्फ 3 छक्कों की जरूरत, फिर बन जाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Rishabh Pant टेस्ट क्रिकेट में 97 छक्के लगा चुके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट में 3 और छक्के जड़ते ही वह 100 टेस्ट छक्के पूरे कर सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं।
IND vs AFG: Rishabh Pant is on the verge of making history; he needs just 3 sixes to set a world record.
ऋषभ पंत (फोटो- @BCCI)
Published on
Updated on

Rishabh Pant Record: मुल्लांपुर में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए थे। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जबकि ऋषभ पंत ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। पंत 50 रन बनाकर नाबाद लौटे और दूसरे दिन उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

इतिहास के बेहद करीब पहुंचे पंत

इस मुकाबले में ऋषभ पंत के पास एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का मौका भी है। टेस्ट क्रिकेट में वह अब तक 97 छक्के लगा चुके हैं और सिर्फ तीन छक्के दूर हैं 100 टेस्ट छक्कों के आंकड़े से। यदि पंत दूसरे दिन यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम पारियों में 100 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। पंत फिलहाल अपने टेस्ट करियर की 87वीं पारी खेल रहे हैं। ऐसे में उनके पास मौजूदा रिकॉर्ड को काफी बड़े अंतर से तोड़ने का सुनहरा अवसर है।

खतरे में एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड

अब तक टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम दर्ज है। गिलक्रिस्ट ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 137 पारियां खेली थीं। उनके बाद न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का नाम आता है।

सबसे तेज 100 टेस्ट छक्के

  • एडम गिलक्रिस्ट – 137 पारियां
  • ब्रेंडन मैक्कुलम – 176 पारियां
  • बेन स्टोक्स – 178 पारियां

सबसे ज्यादा टेस्ट छक्कों की सूची में भी बना सकते हैं जगह

टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल बेन स्टोक्स के नाम है, जिन्होंने 136 छक्के लगाए हैं। ब्रेंडन मैक्कुलम 107 और एडम गिलक्रिस्ट 100 छक्कों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। टिम साउदी और क्रिस गेल के नाम 98-98 छक्के दर्ज हैं। ऐसे में पंत का अगला लक्ष्य सिर्फ 100 छक्कों का आंकड़ा छूना नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों की इस खास सूची में अपनी जगह मजबूत करना भी होगा।

अफगानिस्तान टेस्ट से पहले टीम प्रबंधन ने ऋषभ पंत से उप-कप्तानी की जिम्मेदारी वापस लेकर केएल राहुल को यह भूमिका सौंपी थी। हालांकि पंत ने इसका असर अपने प्रदर्शन पर नहीं पड़ने दिया। वह पहले दिन सकारात्मक और आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी करते नजर आए। अब दूसरे दिन उनकी निगाहें शतक के साथ-साथ उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर भी होंगी, जो उन्हें टेस्ट क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल कर सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com