

Ancy Sojan Silver Medal: भारत की एंसी सोजन ने एशियाई खेलों में महिलाओं की लॉन्ग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। नागोया सिटी मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में, चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपने आखिरी प्रयास में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता और भारतीय एथलीट को सिर्फ दो सेंटीमीटर से पीछे छोड़ दिया।
शैली सिंह ज्यादातर समय मेडल की दौड़ में बनी रहीं, लेकिन आखिर में चौथे स्थान पर रहीं। एंसी ने अपनी पहली ही कोशिश में 6.49 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली थी, हालांकि उनकी दूसरी जंप को फाउल करार दिया गया। फिर भी, उनकी शुरुआती कोशिश उन्हें इवेंट के ज़्यादातर समय तक स्टैंडिंग में सबसे ऊपर बनाए रखने के लिए काफ थी।
वहीं, शैली ने 6.25 मीटर की जंप के साथ शुरुआत की और अपनी दूसरी कोशिश में इसे बेहतर करते हुए 6.34 मीटर तक पहुंचाया। शैली ने अपनी तीसरी जंप में भी उतनी ही दूरी तय की, जिससे तीन राउंड के बाद टॉप आठ एथलीटों में उनकी जगह पक्की हो गई और वह मेडल की दौड़ में बनी रहीं।
चौथे राउंड में टॉप पर मुकाबला और कड़ा हो गया। अपनी जंप के रिव्यू की मांग करने के बाद, शैली ने 6.41 मीटर की दूरी दर्ज की और तीसरे स्थान पर पहुंच गईं। दूसरी ओर, एंसी सोजन अपनी चौथी कोशिश में केवल 6.31 मीटर ही कूद पाईं, लेकिन अपनी पिछली 6.49 मीटर की जंप की बदौलत बढ़त बनाए रखीं।
पांचवें राउंड ने मुकाबले का समीकरण एक बार फिर बदल दिया। हुआंग ने एंसी के 6.49 मीटर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिससे दोनों टॉप पर बराबर हो गईं। एंसी ने तुरंत 6.53 मीटर की जंप के साथ जवाब दिया और बढ़त वापस हासिल करते हुए गोल्ड मेडल के करीब पहुंच गईं, लेकिन आखिर में चीनी एथलीट ही जीतीं।
अपनी आखिरी कोशिश में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर हुआंग, एंसी से दो सेंटीमीटर आगे निकल गईं। भारतीय एथलीट की आखिरी जंप 6.49 मीटर की रही, जिससे उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। शैली आखिरी राउंड में पोडियम फिनिश से चूक गईं।
चौथे राउंड में 6.41 मीटर की छलांग के साथ वह तीसरे स्थान पर आ गई थीं और पांचवें राउंड में इसे बेहतर करते हुए 6.42 मीटर तक पहुंच गईं, लेकिन चीन की मेंगी टैन ने उन्हें पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपनी आखिरी कोशिश में 6.46 मीटर की दूरी तय की।
नतीजतन, शैली 6.42 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ चौथे स्थान पर रहीं। इस नतीजे से भारत के लिए एक सिल्वर मेडल पक्का हुआ। यह एक ऐसा इवेंट है जिसमें देश ने पहले महिलाओं की लॉन्ग जंप में सिर्फ एक बार गोल्ड मेडल जीता था। यह उपलब्धि अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2002 के एशियन गेम्स में हासिल की थी।
एंसी सोजन की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर कहा, एशियाई खेलों में महिलाओं की लॉन्ग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर एंसी सोजन को बधाई। उनका प्रदर्शन शानदार और जोश से भरा रहा, जिससे देश को बहुत खुशी मिली है। आने वाले समय में उन्हें और भी सफलता मिले।