नवभारत निशानेबाज: BJP का विस्तार हुआ विराट, लोकतंत्र में ले आए सम्राट
Navabharat Nishanebaaz: बिहार की राजनीति में 'सम्राट' कार्ड खेलकर बीजेपी ने विपक्ष को चौंका दिया है। क्या यह सुशासन बाबू के युग का अंत है या 'डबल इंजन' सरकार का नया पावर गेम?
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Bihar Politics: पड़ोसी ने हमसे कहा, ‘निशानेबाज, हमारे लोकतंत्र में सम्राट कैसे बिहार के सीएम बन गए? आपको याद होगा कि लौहपुरुष सरदार पटेल ने सारे राजे-रजवाड़ों को राजी करके या दबाव डालकर सामान्य नागरिक बना दिया था। इसके बाद इंदिरा गांधी ने राजाओं को मिलने वाला प्रिवीपर्स भी बंद करवाया था।
हमने कहा, ‘सम्राट शब्द पर आपको आपत्ति नहीं होनी चाहिए। जो राजाओं का भी राजा या किंग ऑफ किंग्स होता है वह सम्राट कहलाता है। सम्म्राट अशोक का नाम कौन नहीं जानता! वह भी मगध के थे जो आज बिहार कहलाता है। बिहार में फिर सम्राट का साम्राज्य स्थापित हो गया है। यह चमत्कार बीजेपी ने कर दिखाया। सुशासन बाबू नीतीश कुमार को पटना से दिल्ली खिसकाया और उनकी जगह सम्राट को सत्ता सिंहासन पर बिठाया।’
पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज, बीजेपी भारत के हिंदुत्व के इतिहास और सांस्कृतिक गौरव को हमेशा पूरा-पूरा महत्व देती है। सम्राट बनने के लिए पहले बहुत खटपट करनी पड़ती थी। इसके लिए अश्वमेध यज्ञ करना पड़ता था जिसमें एक सजाधजा अश्व या घोड़ा छोड़ दिया जाता था। उसके पीछे सेना चलती थी। वह जहां जाता था वहां के राजा को सम्राट की अधीनता स्वीकार करनी पड़ती थी। यदि किसी ने चुनौती देते हुए यज्ञ के अश्व को रोक लिया तो उसे युद्ध करना पड़ता था। भगवान राम और सम्राट युधिष्ठिर ने भी राजसूय यज्ञ किए थे।’
सम्बंधित ख़बरें
यह भी पढ़ें:- नवभारत निशानेबाज: इस बार नहीं कर सकते मतदान, वोटिंग के हक से कर लो समाधान
हमने कहा, ‘अब सम्राट बने-बनाए या रेडीमेड मिल जाते हैं। इसके लिए कोई यज्ञ नहीं करना पड़ता। बीजेपी ने जिसे बिहार की बागडोर सौंपी है वह सिर्फ सम्राट नहीं बल्कि चौधरी भी है। इसका मतलब हुआ डबल इंजन सरकार का डबल पॉवर! प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, असम सहित पूर्वोत्तर के 6 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में अपनी सरकार स्थापित कर ली है। अगला निशाना बंगाल, तमिलनाडु और केरलम है। अब एसआईआर का अश्व बीजेपी की दिग्विजय कराने के लिए बढ़ता चला जा रहा है। प्रियंका गांधी ने सच कहा कि यदि चाणक्य आज जिंदा होते तो बीजेपी की चाल देखकर चौंक जाते।’
