5 जनवरी का इतिहास : क्रिकेट का पहला वनडे मैच, परमाणु हमले का गवाह, जानें आज का दिन क्यों है खास
Today In History 5 January: इतिहास में आज का दिन खास है। पहला अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच आज ही के दिन खेला गया था। वहीं नागासाकी परमाणु हमले के जीवित साक्षी शिगेमी फुकाहोरी का निधन भी आज ही के दिन हुआ।
- Written By: आकाश मसने
5 जनवरी 1971 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया था (डिजाइन फोटो)
First ODI Match 5 January History: अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट के इतिहास में 5 जनवरी की तारीख का एक अहम स्थान है। 5 जनवरी 1971 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया था। आज के समय में भले ही एकदिवसीय मुकाबला 50-50 ओवर का होता है, लेकिन यह पहला एकदिवसीय मैच 40-40 ओवर का था। इस मैच को ऑस्ट्रेलिया ने जीता और 82 रन बनाने वाले इंग्लैंड के जॉन एडरिच ने वनडे इतिहास में पहला मैन ऑफ द मैच खिताब हासिल किया।
वहीं दूसरी और जापान के नागासाकी में 1945 में परमाणु बम गिराये जाने की घटना में बाल-बाल बचे तथा परमाणु हथियारों के विरुद्ध मुहिम चलाने वाले शिगेमी फुकाहोरी का 93 साल की उम्र में 5 जनवरी 2025 को निधन हो गया।
नागासाकी परमाणु हमले में गई थी लाखों की जान
जब अमेरिका ने 9 अगस्त 1945 को नागासाकी पर बम गिराया था तब फुकोहोरी केवल 14 साल के थे। उस घटना में हजारों लोगों की मौत हो गयी थी। उससे तीन दिन पहले हिरोशिमा पर परमाणु हमला किया गया था जिसमें 1,40,000 लोगों की मौत हो गयी थी। परमाणु हमले के कुछ दिनों बाद जापान ने आत्मसमर्पण कर दिया था और फिर द्वितीय विश्वयुद्ध का समापन हुआ था।
सम्बंधित ख़बरें
23 मई का इतिहास : चीन ने तिब्बत पर किया कब्जा, क्यों याद किया जाता है यह दिन?
‘3D प्लेयर’ विजय शंकर ने IPL और घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा, खुद बताई आगे की प्लानिंग
22 मई का इतिहास: जब बछेन्द्री पाल ने एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर रचा इतिहास, जानें इस दिन के ऐतिहासिक फैक्ट्स
गुजरात के गबरू जवानों का तहलका, गिल और साई ने कर दिया कमाल, एक IPL सीजन में पार किया 600 रनों का आंकड़ा
फुकाहोरी बम गिराए जाने के स्थान से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक शिपयार्ड में काम करते थे। वह सालों तक उस घटना के बारे में बात नहीं कर सके, न केवल उन दर्दनाक यादों के कारण, बल्कि इसलिए भी कि उस समय वह कितने असहाय महसूस करते थे।
करीब 15 साल पहले स्पेन की यात्रा के दौरान एक ऐसे व्यक्ति से मिलने के बाद वह और अधिक मुखर हो गये, जिसने 1937 में स्पेन गृहयुद्ध के दौरान ग्वेर्निका पर बमबारी का अनुभव किया था। वह व्यक्ति भी तब 14 साल का था। आपस में अनुभव साझा करने के बाद फुकाहोरी खुलकर अपनी बात रखने लगे।
फुकाहोरी ने 2019 में जापान के राष्ट्रीय प्रसारक एनएचके से कहा कि जिस दिन बम गिरा, मैंने मदद के लिए एक आवाज सुनी। जब मैं उसके पास गया और अपना हाथ बढ़ाया, तो (मैंने देखा कि) उस व्यक्ति की त्वचा पिघल गई। मुझे अब भी याद है कि तब कैसा महसूस हुआ था।” वह अक्सर यह उम्मीद करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित करते थे कि वे ‘शांति की मुहिम को आगे बढ़ायेंगे।
यह भी पढ़ें:-
देश दुनिया के इतिहास में पांच जनवरी की तारीख में दर्ज कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1671 : छत्रपति शिवाजी महाराज ने मुगलों से सल्हर क्षेत्र को अपने कब्जे में किया।
1893 : योगगुरु और आध्यात्मिक गुरु परमहंस योगानन्द का उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जन्म।
1933 : अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर में बने झूलने वाले गोल्डन गेट ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू। यह पुल 1937 में बनकर तैयार हुआ।
1970 : चीन के यून्नान प्रांत में रिक्टर पैमाने पर 7.7 तीव्रता वाले भूकंप से 15000 लोगों की मौत।
1971 : इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट इतिहास का पहला सीमित ओवर का एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया।
1993 : करीब 85,000 टन कच्चा तेल लेकर नॉर्वे से कनाडा जा रहा एक तेल टैंकर तूफान में फंसकर शेटलैंड द्वीप के पास दुर्घटनाग्रस्त।
2000 : अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ ने पेले को शताब्दी का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया।
2010 : ‘हरित राजस्थान अभियान’ के तहत डूंगरपुर ज़िला प्रशासन द्वारा ज़िले भर में 11 और 12 अगस्त, 2009 को किए गए 6 लाख से अधिक पौधारोपण की मुहिम को ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में शामिल किया गया।
2014 : भारतीय संचार उपग्रह जीसैट-14 को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित किया गया। जीसैट-14 में भारत में निर्मित क्रायोजेनिक इंजन का इस्तेमाल हुआ था।
2019 : कंधार में विद्रोहियों के हमले में सात पुलिस अधिकारियों की मौत।
2020 : बुर्किना फासो में सड़क किनारे हुए विस्फोट में सात बच्चों समेत 14 की मौत।
2022 : सोमालिया में दो आत्मघाती कार बम हमलों में 35 लोगों की मौत।
2024 : बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक ट्रेन में आगजनी के बाद दो बच्चों समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। ट्रेन भारतीय सीमा से लगे तटीय शहर बेनापोल से आ रही थी।
2025 : जापान के नागासाकी में 1945 में परमाणु बम गिराये जाने की घटना में बाल-बाल बच गये तथा परमाणु हथियारों के विरुद्ध मुहिम चलाने वाले शिगेमी फुकाहोरी का 93 साल की उम्र में टोक्यो में निधन।
