4 जनवरी का इतिहास : आज के दिन लुई ब्रेल और सर आइजक न्यूटन का हुआ था जन्म, जानें इतिहास की घटनाएं

World Braille Day 2026: चार जनवरी 1643 की तारीख इतिहास में इंग्लैंड के महान वैज्ञानिक सर आइज़क न्यूटन की जन्मतिथि के रूप में भी दर्ज है।
History Events, 4 January 2026
4 जनवरी का इतिहास 2026 (सौ. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: ऐसे बहुत से लोग हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में कोई महान उपलब्धि हासिल कर इतिहास के पन्नों में जगह बनाई है। दृष्टिबाधितों के लिए ब्रेल लिपि का आविष्कार करने वाले लुई ब्रेल और महान गणितज्ञ एवं भौतिक विज्ञानी सर आइजक न्यूटन दो ऐसे ही नाम हैं। चार जनवरी का इन दोनों के जन्म से नाता है। चार जनवरी 1809 को फ्रांस के महान शिक्षाविद् लुई ब्रेल का जन्म हुआ, जिन्होंने एक ऐसी लिपि का आविष्कार किया, जो दृष्टिहीनों को शिक्षा का उजाला देने का जरिया बनी। उन्हीं के नाम पर इसे ब्रेल लिपि नाम दिया गया।

चार जनवरी 1643 की तारीख इतिहास में इंग्लैंड के महान वैज्ञानिक सर आइज़क न्यूटन की जन्मतिथि के रूप में भी दर्ज है। गुरुत्वाकर्षण का नियम और गति के सिद्धांत का प्रतिपादन करने वाले महान गणितज्ञ, भौतिक वैज्ञानिक एवं खगोल विज्ञानी न्यूटन को आधुनिक भौतिक विज्ञान के जनक का दर्जा दिया जाता है। चार जनवरी 2022 को ब्रिटिश सिख सेना में भारतीय मूल की 32 वर्षीय अधिकारी एवं फिजियोथेरेपिस्ट हरप्रीत चंडी ने दक्षिणी ध्रुव के लिए अकेले दुर्गम यात्रा को पूरा करने वाली अश्वेत महिला बनकर इतिहास रच दिया।

देश दुनिया के इतिहास में चार जनवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1604 : शहजादा सलीम की नाकाम बगावत के बाद उन्हें बादशाह अकबर के सामने पेश किया गया।

1643 : गुरुत्वाकर्षण का सिद्धान्त और गति के नियम का प्रतिपादन करने वाले इंग्लैंड के महान भौतिक विज्ञानी एवं गणितज्ञ सर आइजक न्यूटन का जन्म।

1809 : दृष्टिबाधितों को पढ़ने-लिखने में मदद देने वाली लिपि के आविष्कारक लुई ब्रेल का जन्म। लुई तीन वर्ष की आयु में एक दुर्घटना में अपनी आंखों की रौशनी गंवा बैठे थे।

1906 : प्रिंस ऑफ वेल्स (जो बाद में किंग जार्ज पंचम बने) ने कलकत्ता में विक्टोरिया मेमोरियल हॉल की आधारशिला रखी।

1948 : दक्षिण पूर्व एशियाई देश बर्मा (म्यांमा) को ब्रिटेन से आजादी मिली।

1958 : न्यूजीलैंड के सर एडमंड हिलेरी ने दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखा।

1912 में कैप्टन रॉबर्ट एफ़ स्कॉट के अभियान के बाद वह पहले अन्वेषक थे, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। हिलेरी ने अपनी टीम के साथ खराब मौसम में करीब 113 किलोमीटर की यात्रा की।

1964 : वाराणसी लोकोमोटिव वर्क्स में डीजल का पहला लोकोमोटिव बनकर तैयार।

1966 : भारत और पाकिस्तान के बीच 1965 की लड़ाई के बाद ताशकंद में शिखर बैठक की शुरुआत, जिसमें भारत की तरफ से प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और पाकिस्तान के जनरल अयूब खान ने शिरकत की।

1972 : विभिन्न अपराधों की जांच को बेहतर और आधुनिक तरीके से अंजाम देने के लिए नई दिल्ली में इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी एंड फॉरेंसिक साइंस की स्थापना।

1990 : पाकिस्तान में रेल दुर्घटना के इतिहास की सबसे दुखद घटना में दो ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर में 307 लोगों की मौत और बहुत से लोग घायल हुए।

2007 : अमेरिका में नैंसी पेलोसी को हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव का स्पीकर चुना गया। इस पद पर पहुंचने वाली वह पहली महिला।

2010 : संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित बुर्ज खलीफा को आधिकारिक तौर पर खोला गया। इसे उस समय दुनिया की सबसे ऊंची इमारत कहा गया था।

2020 : इंडोनेशिया में बाढ़ से 53 लोगों की मौत ।

2022 : चीन में भूस्खलन में 14 लोगों की मौत ।

2023 : सोमालिया की सेना को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती विस्फोटों में 10 की मौत।

Navbharat Live
navbharatlive.com