(डिजाइन फोटो)
Iran Israel War Impact On Sports: पड़ोसी ने हमसे कहा, ‘निशानेबाज, जब युद्ध छिड़ता है तो खेल पर भी बुरा असर पड़ता है। खिलाड़ी कहीं अटक कर रह जाते हैं या टूर्नामेंट में भाग लेने से वंचित रह जाते हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान न तो ओलंपिक हो पाया था, न क्रिकेट के टेस्ट मैच हो पाए थे।’
हमने कहा, ‘अभी की बात कीजिए, क्रिकेट, टेनिस, फुटबाल सभी खेलों पर आंच आ गई है। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले की वजह से मध्यपूर्व में संकट छा गया है। ईरान भी बौखलाहट में खाड़ी देशों को निशाना बना रहा है जहां अमेरिका के सैनिक अड्डे हैं। ऐसे माहौल में बड़े-बड़े प्लेयर मजबूर होकर रह गए हैं। भारत की नामी बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू दुबई के होटल में अटक गई हैं। विमानसेवा रद्द होने से वह ऑल इंग्लैंड मुकाबले में भाग नहीं ले पाएंगी।
पड़ोसी ने कहा। ‘निशानेबाज, टी-20 वर्ल्ड कप में बाहर हो चुकी जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम भी भारत में अटकी हुई है। वह स्वदेश वापस नहीं लौट पा रही है। इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज की क्रिकेट टीमों को पैसिफिक होकर लौटना पड़ेगा। उन्हें लंबा चक्कर पड़ेगा। द। अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के सामने भी मुसीबत है कि वापस कैसे जाएंगे? मिसाइलों की मार और ड्रोन के संहार ने खेल भावना को तार-तार करके रख दिया है। खेल में होने वाली स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को लड़ाई की ललकार और बढ़ते नरसंहार ने रौंद कर रख दिया है। दुबई ओपन में जीतनेवाले मेदेवदेव भी एयर स्पेस बंद किए जाने की वजह से फंस गए और अपने देश वापस जाने में असमर्थ हैं।’
यह भी पढ़ें:- नवभारत विशेष: जॉर्ज, शरद, लालू और अब समाजवादी नीतीश, बिहार में नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत
हमने कहा, ‘यदि दुनिया में सबसे ज्यादा खेले जानेवाले फुटबाल की बात करें तो उस पर भी युद्ध की काली छाया ने ग्रहण लगा दिया है। पर्शियन गल्फ प्रो-लीग मैचों को टाल दिया गया है। कतर स्टारलीग के मैच भी टल गए हैं। दोहा और दुबई में होनेवाले मुकाबले स्थगित हो गए। यूरोपियन चैम्पियनशिप विजेता स्पेन और कोपा अमेरिका विजेता अर्जेंटीना के बीच 27 मार्च को मैच दोहा में हो पाएगा या नहीं? अनिश्चितता बनी हुई है। इसमें मेस्सी और लैमाइन यमल के बीच तगड़ा मुकाबला देखने के लिए खेलप्रेमी उत्सुक हैं।’
पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज जब गोलाबारुद का खूनी खेल चल रहा हो तो मैदानी खेल कहां से होंगे!’
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा