सांसें रोक देने वाले मैच में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, T20 World Cup 2026 के फाइनल में किया प्रवेश

T20 WC 2026: रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया। इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भी प्रवेश कर लिया है।
India beat England by 7 runs to enter the final of the T20 World Cup 2026
भारतीय क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंचने के बाद (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND vs ENG T20 World Cup 2026 Semi-Final Highlight: भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार एंट्री कर ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से हुआ। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस बड़े स्कोर में संजू सैमसन की 89 रन की बेहतरीन पारी का अहम योगदान रहा।

भारत के द्वारा दिए गए स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन तक ही पहुंच सकी और उसे 7 रन से हार झेलनी पड़ी। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा।

संजू सैमसन की शानदार पारी से भारत को मिला बड़ा स्कोर

इंग्लैंड के खिलाफ इस अहम सेमीफाइनल में भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें संजू सैमसन ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 89 रन की दमदार पारी खेली और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। सैमसन की इस पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड भी दिया गया। सैमसन के अलावा शिवम दुबे ने भी 43 रन की उपयोगी पारी खेली। ईशान किशन ने 39 रन बनाए, जबकि हार्दिक पांड्या ने 27 रन जोड़े। इन पारियों की बदौलत भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 253 रन बनाने में सफल रही।

पावरप्ले में इंग्लैंड को लगे तीन बड़े झटके

254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर की पहली गेंद पर फिल साल्ट 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बन गए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी सिर्फ 7 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर आउट हो गए। पांचवें ओवर तक इंग्लैंड ने 38 रन के स्कोर पर दो अहम विकेट गंवा दिए थे। जोस बटलर ने जैकब बेथेल के साथ पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन छठे ओवर में वह 17 गेंद में 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। पावरप्ले खत्म होने तक इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 68 रन था।

बेथेल और जैक्स की साझेदारी से बढ़ा रोमांच

पावरप्ले के बाद जैकब बेथेल ने आक्रामक अंदाज अपनाया और बड़े शॉट खेलने शुरू किए। इस दौरान इंग्लैंड ने 95 रन के स्कोर पर टॉम बैंटन का विकेट गंवाया, जो 5 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विल जैक्स ने बेथेल का अच्छा साथ दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन की साझेदारी कर मैच को रोमांचक बना दिया। हालांकि अक्षर पटेल के शानदार कैच की मदद से जैक्स का विकेट गिरा। जैक्स 20 गेंद में 35 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट हुए और इंग्लैंड ने 172 रन पर पांचवां विकेट गंवा दिया।

बुमराह की कसी गेंदबाजी से भारत की जीत पक्की

विल जैक्स के आउट होने के बाद जैकब बेथेल ने सैम करन के साथ मिलकर रनगति बनाए रखी, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। सैम करन 18 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंद में 105 रन बनाए, लेकिन आखिरी ओवर में 30 रन की जरूरत के बीच वह पहली ही गेंद पर रन आउट हो गए। इसके बाद इंग्लैंड 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। भारत ने यह मुकाबला 7 रन से जीत लिया। भारतीय टीम की ओर से हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com