27 फरवरी का इतिहास : गोधरा कांड की वो खौफनाक आग जिसने देश को झकझोर दिया, जानें आज के दिन और क्या-क्या हुआ

27 February History: 27 फरवरी का दिन भारतीय इतिहास के दो काले और गौरवशाली अध्यायों का मिश्रण है। जहां गोधरा ट्रेन अग्निकांड ने देश को रुलाया, वहीं चंद्रशेखर आजाद की शहादत ने वीरता की नई परिभाषा लिखी।
History of the Godhra incident on February 27, Sacrifice of Chandrashekhar Azad
गोधरा कांड (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

History of 27 February: इतिहास में 27 फरवरी की तारीख एक बेहद दर्दनाक घटना के कारण याद की जाती है। वर्ष 2002 में इसी दिन गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन से चली साबरमती एक्सप्रेस में हिंसक भीड़ ने हमला कर दिया था। ट्रेन स्टेशन से निकलते ही चेन खींचकर रोकी गई, उसके बाद पथराव हुआ और एक डिब्बे में आग लगा दी गई। इस भयावह घटना में 59 यात्रियों की जान चली गई। बताया जाता है कि ट्रेन में सवार अधिकांश लोग अयोध्या से लौट रहे हिंदू तीर्थयात्री थे और अहमदाबाद की ओर जा रहे थे।

इस घटना के बाद पूरे गुजरात में सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जो आगे चलकर व्यापक हिंसा में बदल गया। कई जगहों पर जान-माल का भारी नुकसान हुआ। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देशवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करनी पड़ी।

देश-दुनिया के इतिहास में 27 फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1854 : झांसी पर 'ईस्ट इंडिया कंपनी' का कब्जा।

1879 : रूसी रसायनशास्त्री कॉन्सटैंटिन फालबर्ग ने पहले आर्टिफिशियल स्वीटनर सैकरीन की खोज की।

1931 : देश के महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद ने ब्रिटिश पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तारी से बचने के लिए इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में खुद को गोली मार ली।

1953 : अंग्रेजी भाषा को आने वाली पीढ़ियों के लिए आसान बनाने के इरादे से ब्रिटेन की संसद में 'स्पैलिंग बिल'' का प्रस्ताव पेश किया गया।

1991 : अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने फारस खाड़ी युद्ध में जीत दर्ज करने की घोषणा के साथ ही युद्धविराम का ऐलान किया। अगस्त, 1990 में इराक द्वारा कुवैत पर हमले के बाद यहां अमेरिका ने दखल दिया था।

1999 : नाइजीरिया में 15 साल में पहली बार असैन्य शासक चुनने के लिए मतदान। बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचे।

2002 : गुजरात के अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस को भीड़ ने गोधरा स्टेशन पर आग के हवाले किया। इस घटना में 59 कार सेवकों की मौत।

2009 : अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ऐलान किया कि इराक से अगस्त, 2010 तक तमाम लड़ाकू सेनाओं को हटा लिया जाएगा और शेष सैनिक 2011 के अंत तक स्वदेश लौट जाएंगे।

2010 : चिली में 8.8 की तीव्रता का भीषण भूकंप और सुनामी से तटीय इलाकों में भारी तबाही और 500 से अधिक लोगों की मौत।

2019 : काहिरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त, 25 की मौत।

2023 : इटली के दक्षिणी तट के निकट प्रवासियों को ले जा रही नाव डूबने से 62 लोगों की मौत।

2024 : यूरोपीय संघ की कृषि नीतियों और यूक्रेन से सस्ते खाद्यान्न के आयात के विरोध में हजारों किसानों ने पौलेंड के वॉरसॉ शहर में मार्च निकाला।

2025 : कांगो में 'एम23' विद्रोही नेताओं की रैली में हुए विस्फोटों में 11 लोगों की मौत, 65 घायल।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com