राजस्थान के भिवाड़ी में लगी भीषण आग, ट्रांसफार्मर धमाके के बाद दो फैक्ट्रियां राख; 5 कर्मचारी बुरी तरह झुलसे
Bhiwadi Industrial Area Fire: राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर विस्फोट के बाद दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 5 कर्मचारी झुलस गए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
राजस्थान के भिवाड़ी में लगी भीषण आग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Rajasthan Bhiwadi Industrial Area Fire News In Hindi: राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके के बाद दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते इसने दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
ट्रांसफार्मर विस्फोट बना तबाही का कारण
औद्योगिक क्षेत्र में लगी इस आग के पीछे मुख्य कारण एक ट्रांसफार्मर में हुआ भीषण विस्फोट बताया जा रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर में विस्फोट होने के बाद उसमें भरा ज्वलनशील तेल तेजी से जमीन पर फैल गया। चूंकि तेल में आग लग चुकी थी, इसलिए यह जलता हुआ तेल आसपास की इमारतों तक पहुंच गया। ट्रांसफार्मर के पास स्थित दो फैक्ट्रियां इस जलते हुए तेल की चपेट में आ गईं और धूं-धूं कर जलने लगीं।
आग से 5 कर्मचारी झुलसे
जब यह हादसा हुआ, तब फैक्ट्रियों के अंदर कर्मचारी काम कर रहे थे। आग की लपटें और धुआं उठता देख कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। हालांकि, इस भगदड़ और आग की तेजी के कारण पांच कर्मचारी झुलस गए हैं। घायल कर्मचारियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में दिल्ली जैसा ‘अग्नि तांडव’ होने का डर: नियमों को ताक पर रख चल रहे होटल, पब प्रशासन की लापरवाही
Sri Lanka News: सोशल मीडिया पर मशहूर बुजुर्ग केयर सेंटर में आग से 12 की मौत; डायरेक्टर गिरफ्तार
दिल्ली अग्निकांड मामले के आरोपी होटल मालिक लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस रिमांड, कोर्ट में क्या हुआ?
दिल्ली और बिहार के बाद… हैदराबाद में आग का तांडव, अमीरपेट में धू-धू कर जली तीन मंजिला इमारत; मची अफरा-तफरी
दमकल विभाग की घंटों मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग इतनी भयावह थी कि दमकलकर्मियों को इसे काबू करने में घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फैक्ट्री में मौजूद रसायनों और कच्चे माल के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग को और अधिक फैलने से रोक लिया।
यह भी पढ़ें:- नोएडा के सेक्टर 74 के फ्लैट में लगी भीषण आग, बचाव कार्य में जुटीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
NCR में एक ही दिन में तीन अग्निकांड
शुक्रवार का दिन देश की राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए ‘ब्लैक फ्राइडे’ साबित हुआ, जहां आग लगने की एक के बाद एक तीन घटनाएं सामने आईं। भिवाड़ी के अलावा, नोएडा के सेक्टर 74 की एक हाईराइज बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई, जिससे कई फ्लैट प्रभावित हुए। इसके कुछ ही देर बाद नोएडा के ही सेक्टर 52 में स्थित एक पीजी (PG) में भी आग लग गई, जिसके नीचे एक रेस्टोरेंट संचालित था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि नोएडा की दोनों घटनाओं में किसी जनहानि की खबर नहीं मिली है।
