तेजस्वी ने नीतीश को बताया 'चीट मिनिस्टर', JDU ने कहा- भाषाई लंपटीकरण के नायक, बिहार में सियासी भूचाल

Bihar Politics: बिहार में सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। रविवार को पटना में तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को 'चीट मिनिस्टर' कह दिया, जिसे लेकर बीजेपी और जेडीयू दोनों ही उन पर हमलावर हैं।
bihar-politics-tejashwi-vs-nitish-jdu-slams-over-cheat-minister-remark
नीतीश कुमार व तेजस्वी यादव (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Bihar Assembly Elections: नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के युवराज तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विवादित टिप्पणी की है। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को धोखेबाज मंत्री बताया है। उन्होंने कहा है कि वह राजद की सभी योजनाओं की नकल कर रहे हैं क्योंकि उनके पास अपना कोई विजन नहीं है।

तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद जदयू और भाजपा में रोष देखा जा रहा है। भाजपा नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि राजद को इसकी बहुत कीमत चुकानी पड़ेगी, तो जदयू प्रवक्ता नीरज ने भाषाई मर्यादा में रहने की सलाह दी।

वर्किंग लाइक चीट मिनिस्टर: तेजस्वी

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार धोखेबाजी कर रहे हैं। वह अब चीफ मिनिस्टर नहीं बल्कि 'चीट मिनिस्टर' बन गए हैं। कहा- ही इज नॉट वर्किंग लाइक ए चीफ मिनिस्टर बट वर्किंग लाइक चीट मिनिस्टर।

'बदलाव के मूड में है बिहार की जनता'

अगर वह खुद कुछ नहीं कर सकते तो हमारी सभी घोषणाओं की नकल कर रहे हैं और उनकी घोषणा कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि सीएम धोखेबाजी कर रहे हैं। बिहार की जनता उन्हें पहचान चुकी है। अब जनता बदलाव लाने के मूड में है। उन्हें राज्य के लिए किए गए काम का हिसाब देना होगा।

बीजेपी व जेडीयू नेताओं ने बोला हमला

तेजस्वी यादव के इस बयान से सियासी बवाल मच गया है। भाजपा नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि महागठबंधन के नेताओं को पूरा यकीन है कि वे आगामी चुनाव हारने वाले हैं। इसीलिए वे बौखलाए हुए हैं। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दी गई। अब नीतीश कुमार पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है। जनता सब समझ रही है। तेजस्वी यादव को यह बयान बहुत महंगा पड़ेगा।

तेजस्वी के इस बयान पर जदयू ने भी हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि ये लोग भाषाई लंपटीकरण के नायक हैं। कभी प्रधानमंत्री को गाली देंगे तो कभी मुख्यमंत्री के बारे में अपमानजनक बयान देंगे। इस मुद्दे पर बिहार में और भी बवाल होने के आसार हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com