

Breakup Haircut Psychology: किसी भी गहरे रिश्ते का टूटना मानसिक रूप से झकझोर देने वाला होता है। आपने अक्सर देखा होगा कि ब्रेकअप के बाद महिलाएं सबसे पहले अपने बालों को छोटा करवा लेती हैं या हेयरस्टाइल बदल देती हैं। मनोविज्ञान की दुनिया में इसे ब्रेकअप हेयरकट कहा जाता है जो खुद को फिर से खोजने की कोशिश है।
ब्रेकअप के बाद होने वाले बदलावों में सबसे आम है लुक चेंज करना। अक्सर महिलाएं अपने लंबे बालों को कटवाकर एक नया अवतार अपना लेती हैं। सोशल मीडिया पर इसे रिलेशनशिप रिचुअल की तरह देखा जाता है लेकिन इसके पीछे के कारण बेहद गहरे और मनोवैज्ञानिक हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम सिर्फ स्टाइल बदलने के लिए नहीं बल्कि मानसिक शांति के लिए उठाया जाता है।
रिश्ता टूटना एक ऐसी स्थिति है जहां इंसान को लगता है कि उसकी जिंदगी पर उसका कंट्रोल खत्म हो गया है। पार्टनर के जाने के बाद जो लाचारी महसूस होती है उसे कम करने के लिए महिलाएं अपने बालों पर नियंत्रण दिखाती हैं। बालों को अपनी मर्जी से काटना उन्हें यह एहसास दिलाता है कि उनकी जिंदगी के फैसले अब भी उनके हाथ में हैं।
बालों को पुराने रिश्ते की यादों से जोड़कर देखा जाता है। मनोवैज्ञानिकों के अनुसार जब कोई महिला अपने बाल कटवाती है तो वह असल में अपने उस पुराने वर्जन को खत्म कर रही होती है जो उस रिश्ते का हिस्सा था। यह एक प्रतीकात्मक तरीका है यह कहने का कि अब मैं वह इंसान नहीं रही जिसे चोट पहुंची थी।
नया हेयरस्टाइल एक नई पहचान देता है। आईने में खुद को बिल्कुल अलग रूप में देखना महिलाओं को ब्रेकअप के सदमे से बाहर आने में मदद करता है। यह नया लुक उन्हें आत्मविश्वास देता है और एक नई शुरुआत का संकेत होता है।
कई बार महिलाएं अपने अंदर के दुख को शब्दों में बयां नहीं कर पातीं। ऐसे में बाहरी रूप में बदलाव करना उनकी आंतरिक भावनाओं को व्यक्त करने का एक जरिया बन जाता है। यह दुनिया को दिखाने का तरीका है कि उनकी लाइफ में एक बड़ा बदलाव आया है।
ब्रेकअप हेयरकट कोई साधारण फैसला नहीं बल्कि एक हीलिंग प्रोसेस है। यह महिलाओं को अतीत की बेड़ियों को काटने और भविष्य की ओर एक नया कदम बढ़ाने की ताकत देता है। इसलिए अगली बार जब आप किसी को ब्रेकअप के बाद नए हेयरस्टाइल में देखें तो समझ लें कि वह खुद को फिर से संवारने की कोशिश कर रही हैं।