यवतमाल न्यूज
Yavatmal Municipal Council Election: यवतमाल नगर परिषद चुनाव संपन्न हो चुके हैं और नगराध्यक्ष पद पर एडवोकेट प्रियदर्शनी उईके ने पदभार ग्रहण कर लिया है। अब शुक्रवार, 9 जनवरी को नगर पालिका में सभापति, उपाध्यक्ष, विषय समितियों के सभापति और स्वीकृत नगरसेवकों का चयन किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया में किसे “लॉटरी” लगती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
यवतमाल नगर पालिका में भाजपा के नगराध्यक्ष सहित 28 नगरसेवक, प्रहार जनशक्ति के 2, बीएसपी का 1, निर्दलीय 1, कांग्रेस 15, शिंदे सेना 7, एमआईएम 1 और वंचित बहुजन आघाड़ी के 3 नगरसेवक हैं। भाजपा ने सत्ता गठन के लिए शहर विकास आघाड़ी बनाई है। हाल ही में नगराध्यक्ष एडवोकेट प्रियदर्शनी उईके ने पदभार संभाला है।
9 जनवरी को उपाध्यक्ष, सभापति, विषय समितियों और स्वीकृत नगरसेवकों के चयन की प्रक्रिया पूरी होगी। उपाध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नगरसेवक सुभाष राय, दत्ता कुलकर्णी और मुन्ना दुबे के नाम चर्चा में हैं। नगर पालिका में पांच स्वीकृत सदस्यों का चयन किया जाएगा। भाजपा की ओर से जगदीश वाधवाणी, अमोल देशमुख और रेखा कोठेकर के नामों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें – नागपुर बीजेपी में भूचाल! डेहनकर-अग्रवाल समेत 32 नेताओं को तिवारी ने पार्टी से किया बाहर, देखें लिस्ट
इसके साथ ही स्वास्थ्य, निर्माणकार्य, नियोजन, महिला एवं बाल कल्याण व स्थायी समिति के सभापतियों का भी चयन किया जाएगा। सभापति पद के चयन की गेंद भाजपा नेता व पूर्व मंत्री मदन येरावार के पाले में बताई जा रही है। किसे यह जिम्मेदारी मिलेगी, इसका फैसला आज होगा। वहीं प्रहार जनशक्ति के बिपिन चौधरी को सभापति पद मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।
यवतमाल नगर पालिका में भाजपा ने सत्ता स्थापित कर ली है और शिंदे सेना को सत्ता से दूर रखने का प्रयास हो रहा है, ऐसा चित्र दिखाई दे रहा है। हालांकि सूत्रों के अनुसार भाजपा खेमे में शिंदे सेना को एक सभापति पद देने को लेकर विचार-विमर्श चल रहा है।
यवतमाल नगर पालिका में कांग्रेस के 15 नगरसेवक हैं। स्वीकृत सदस्यों के चयन के लिए कांग्रेस की ओर से जाकिर भाई और संतोष बोरले के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं।