यवतमाल वनवृत्त प्रतीकात्मक फोटो सोर्स: सोशल मीडिया)
Yavatmal Forest Department News: यवतमाल वनवृत्त के अंतर्गत 32 वनरक्षकों को वनपाल पद पर पदोन्नति दी गई है। इस संबंध में मुख्य वन संरक्षक डॉ. किशोर मानकर ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय सोमवार, 13 अप्रैल को आयोजित पदोन्नति समिति की बैठक में लिया गया। जानकारी के अनुसार, सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच रिक्त होने वाले पदों को ध्यान में रखते हुए मुख्य वन संरक्षक के कार्यालय में यह बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अमरावती सामाजिक वनीकरण के उपवन संरक्षक सुमित कुमार, वाशिम के उपवन संरक्षक अभिजीत वायकोस, पांढरकवडा के विभागीय वन अधिकारी उत्तम फड तथा सदस्य सचिव प्रविण जाट उपस्थित थे। पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान कुल 48 वनरक्षकों के साथ 1 लेखापाल, 4 लिपिक, 4 चपरासी और 1 वाहन चालक की पात्रता की जांच की गई।
इसमें शैक्षणिक योग्यता, विभागीय परीक्षा के परिणाम, गोपनीय रिपोर्ट, संपत्ति विवरण और किसी भी प्रकार के न्यायालयीन प्रकरण या लंबित जांच की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति की सिफारिश के आधार पर न केवल वनरक्षकों, बल्कि अन्य संवर्ग के कर्मचारियों को भी पदोन्नति का लाभ दिया गया। इनमें से 21 कर्मचारियों को तत्काल पदस्थापना दी गई है, जबकि अगस्त 2026 तक रिक्त होने वाले 11 पदों पर नियुक्ति के साथ कुल 32 कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर मिला है।
यह भी पढ़ें :- गड़चिरोली कोठी आश्रमस्कूल में छात्र की बेरहमी से पिटाई, अधीक्षक ने डंडे से मारकर किया बेहोश बाद मामला उजागर
पदोन्नति के दौरान कर्मचारियों की पारिवारिक परिस्थितियों का भी विशेष ध्यान रखा गया, पति-पत्नी एकीकरण, पूर्व सैनिक कोटा, विशेष कौशल और पारिवारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पदस्थापना की सिफारिश की गई। इसके अनुसार मुख्य वन संरक्षक ने 21 वनपालों की तत्काल नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।