

Yavatmal FDA Action On Mukutban Sweet Mart: यवतमाल के झरी जामणी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने शनिवार को दोपहर मुकुटबन बाजार में अचानक दस्तक देकर कार्रवाई की। विभिन्न खाद्य पदार्थ बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों के बाजार में पहुंचने की जानकारी फैलते ही संबंधित दुकानों के कुछ ही मिनटों में बंद हो जाने का मामला सामने आया। पुरोहित बीकानेर स्वीट मार्ट की जांच के दौरान कई प्रकार की खुली मिठाइयां तथा रसोईघर में बड़े पैमाने पर गंदगी पाए जाने पर स्वीट मार्ट का लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए गए।
यवतमाल के खाद्य एवं औषधि अधिकारी डॉ. सचिन नरवाडे, विशाल वाघ तथा अन्य अधिकारियों की टीम ने बस स्टैंड चौक स्थित एस.एस.डी. स्वीट डेयरी का निरीक्षण किया। यहां पैकिंग की गई मिठाइयों की जांच कर टीम ने संतोष व्यक्त किया। राजराजेश्वर मंदिर के पास स्थित एस.एस.डी. नाश्ता पॉइंट का भी निरीक्षण किया गया।
सीसीटीवी के माध्यम से रसोईघर की स्वच्छता की जांच की गई। वहां एक ही फॉर्च्यून कंपनी का तेल, बेसन, मैदा आदि सामग्री इस्तेमाल की जा रही थी तथा स्वच्छता भी सुव्यवस्थित पाई गई। इस पर टीम ने संतोष व्यक्त किया। एस. एस. डी. स्वीट डेयरी से पैकिंग दूध और घी के नमूने जांच के लिए, लिए गए।
इसके बाद सहकारी सोसायटी द्वारा किराए पर दिए गए गोदाम में संचालित पुरोहित बीकानेर स्वीट मार्ट के रसोईघर का निरीक्षण किया गया। समोसे, कचोरी, लड्डू, जलेबी और अन्य मिठाइयां तैयार किए जाने वाले स्थान पर मैदे के कई एक्सपायर्ड पैकेट मिले। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर गंदगी भी पाई गई।
इसके बाद उनके ही स्वामित्व वाले बस स्टैंड चौक स्थित पुरोहित बिकानेर स्वीट मार्ट की जांच की गई। यहां खुले खाद्य पदार्थ, घटिया खोये से तैयार की गई खुली मिठाइयां तथा एक्सपायर्ड केक मिले। अधिकारियों ने पूरी स्थिति का फोटो खींचकर संबंधितों को कड़ी फटकार लगाई। संबंधितों को आवश्यक लाइसेंस लेकर यवतमाल स्थित कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक और कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, 'सुरक्षित अन्न, सुरक्षित औषधि, सुरक्षित महाराष्ट्र' अभियान लगातार चलाया जाना चाहिए। अचानक जांच के दौरान दुकानें बंद करने वालों पर भी प्रशासन को नजर रखनी चाहिए, ऐसी मांग नागरिकों द्वारा की जा रही है।
यवतमाल के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी डॉ. सचिन नरवाडे ने कहा कि पुरोहित बिकानेर स्वीट मार्ट में कई प्रकार की खुली मिठाइयों और रसोईघर का निरीक्षण किया गया। रसोईघर में बड़े पैमाने पर गंदगी पाई गई। इसलिए पुरोहित बिकानेर स्वीट मार्ट के संचालक का लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए गए हैं।