एकवीरा देवी संस्थान में नवरात्रोत्सव की धूम, विविध कार्यक्रमों के साथ हो रहे विविध सामाजिक उपक्रम

Mahagaon: महागांव तहसील के हिवरा (संगम) गांव में पूर्व दिशा की ओर पुस नदी के तट पर श्रीएकवीरा माता का मंदिर स्थित है। यहां माता एकवीरा रूप में भक्तों के कल्याण के लिए विराजमान हुई।
एकवीरा देवी संस्थान में नवरात्रोत्सव की धूम
एकवीरा देवी संस्थान में नवरात्रोत्सव की धूम (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

Yavatmal News: अष्टादश शक्तिपीठों में से आठवें शक्तिपीठ श्रीएकवीरा देवी संस्थान में शारदीय नवरात्रोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर अगले नौ दिनों तक माता का जागरण होगा। महागांव तहसील के हिवरा (संगम) गांव में पूर्व दिशा की ओर पुस नदी के तट पर प्राकृतिक वातावरण में श्रीएकवीरा माता का मंदिर स्थित है। मान्यता है कि यहां सती का दायां भुजा गिरा था और माता एकवीरा रूप में भक्तों के कल्याण के लिए विराजमान हुई।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घटस्थापना की गई। श्री एकवीरा माता को क्षेत्रीय ग्रामदेवता माना जाता है। यहां दर्शन के लिए महाराष्ट्र के साथ ही तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। नवरात्रोत्सव के उपलक्ष्य में संस्थान की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक उपक्रमों का भी आयोजन किया गया है। भीड़ को देखते हुए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु केवल दर्शन पंक्ति के माध्यम से ही माता के दर्शन कर सकेंगे, वहीं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सीधे दर्शन की व्यवस्था की गई है।

विशेष चिकित्सा पथक तैनात

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पोहंडुल की ओर से श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष चिकित्सा पथक तैनात किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से यवतमाल पुलिस बल और महागांव पुलिस स्टेशन की ओर से विशेष पुलिस दल तैनात किए गए हैं। प्रतिदिन सुबह साढ़े सात बजे माता की महाआरती होती है, जिसमें प्रतिदिन पांच से छह हजार श्रद्धालु उपस्थित रहते हैं। नवमी के दिन दोपहर में होम-हवन और दशहरे के दिन संस्थान की ओर से भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही नवरात्रोत्सव का समापन होगा।

महामार्ग किनारे पार्किंग की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाहनों की पार्किंग समस्या न हो, इसके लिए संस्थान की ओर से महामार्ग किनारे खेतों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इससे सड़क पर जाम की स्थिति टल रही है और श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है। माता नवस (मनोकामना) पूरी करने वाली मानी जाती हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु माता के दरबार में मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कर अपनी इच्छाएं व्यक्त करते हैं और पूर्ण होने पर उन्हें पूरा करते हैं। इस वर्ष अनुमान है कि लगभग 600 से 700 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित होंगी।

भक्त निवास निर्माण अंतिम चरण में

श्री एकवीरा देवी संस्थान के पूर्व जि।प। सदस्य एवं कोषाध्यक्ष साहेबराव पाटिल ने कहा कि माता के दर्शन के लिए वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यात्रा काल में यात्रियों के ठहरने की समस्या दूर करने के लिए राज्य सरकार की ओर से, तत्कालीन विधायक नामदेवराव ससाणे और भाजपा नेता नितीन भुतड़ा के प्रयासों से पर्यटन विकास निधि अंतर्गत एक करोड़ रुपये की लागत से भक्त निवास का निर्माण अंतिम चरण में है। इसका लोकार्पण जनवरी में किया जाएगा।साथ ही, महामार्ग से मंदिर तक सीमेंट कंक्रीट सड़क और पुस नदी पर गंगा घाट के निर्माण का प्रस्ताव भी है। इसके लिए विद्यमान विधायक किसनराव वानखेडे और नितीन भुतड़ा शासन स्तर पर प्रयासरत हैं। जल्द ही इसके लिए निधि मंजूर होने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com