वसंतराव नाईक की जयंती पर यवतमाल में कृषि दिवस; जिलाधिकारी ने खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता का आश्वासन दिया
Yavatmal Krishi Diwas: यवतमाल में वसंतराव नाईक की जयंती पर कृषि दिवस मनाया गया। कलेक्टर विकास मीणा ने आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया। सिंजेंटा 20 हजार किसानों का मृदा परीक्षण करेगी।
- Written By: केतकी मोडक
जिलाधिकारी विकास मीणा यवतमाल कृषि दिवस में (सोर्स- फोटो नवभारत)
Yavatmal Krishi Diwas Vasantrao Naik Jayanti: हरित क्रांति के प्रणेता तथा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाईक के योगदान से आज देश और महाराष्ट्र कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने हैं। यह गौरवपूर्ण उद्गार जिलाधिकारी विकास मीणा ने व्यक्त किए। स्व. वसंतराव नाईक की जयंती के अवसर पर कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में तथा सिंजेंटा इंडिया प्रा. लि. के सीएसआर उपक्रम के अंतर्गत यवतमाल जिला परिषद स्थित वसंतराव नाईक सभागार में ‘कृषि दिवस’ उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विकास मीणा, प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष धोत्रे, परियोजना संचालक आनंद पिंगले, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी मनोजकुमार ढगे, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी जालिंदर आभाले, कृषि विकास अधिकारी आडे, सहयोगी अनुसंधान निदेशक डॉ. अमरशेट्टीवार, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख प्रदीप कच्छवे, सिंजेंटा इंडिया प्रा. लि. के प्रतिनिधि चिदंबरम फडणीस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। इस दौरान जिला परिषद परिसर में स्थापित वसंतराव नाईक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
आधुनिक तकनीक का उपयोग करें
जिलाधिकारी विकास मीणा ने वसंतराव नाईक के कृषि क्षेत्र में दूरदर्शी योगदान की सराहना करते हुए आधुनिक तकनीक, सिंचाई प्रबंधन और कृषि संबंधी जानकारी के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज सूचना का युग है और जिस किसान के पास सही जानकारी होगी, वह बेहतर निर्णय ले सकेगा। उन्होंने किसानों से ‘महाविस्तार’ ऐप सहित विभिन्न माध्यमों से कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त कर स्वयं को सक्षम बनाने का आह्वान किया।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में अवैध यात्री परिवहन पर एसटी का बड़ा एक्शन, 34 वाहनों पर कार्रवाई, 27,300 रुपये जुर्माना
उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका! उपनेता शुभांगी पाटिल हजारों कार्यकर्ताओं के साथ शिंदे गुट में होंगी शामिल
नागपुर में फर्जी दस्तावेजों से प्लॉट बेचकर 32 लाख की ठगी, हुड़केश्वर पुलिस ने महिला समेत 2 पर दर्ज किया केस
लाखनी नगर पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल
खाद और बीज की उपलब्धता पर नजर
जिलाधिकारी विकास मीणा ने बताया कि जिले में खाद और बीज की उपलब्धता पर प्रशासन की लगातार नजर है। अवैध खाद बिक्री और बीज लिंकिंग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसानों को खाद और बीज की किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख प्रदीप कच्छवे ने बताया कि इस वर्ष सामान्य वर्षा की लगभग 90 प्रतिशत वर्षा होने की संभावना है। एल-नीनो की स्थिति को देखते हुए उन्होंने किसानों को फसल नियोजन, बुवाई, सिंचाई प्रबंधन, छिड़काव और कीट नियंत्रण के संबंध में मार्गदर्शन दिया। सिंजेंटा इंडिया प्रा. लि. के प्रतिनिधि चिदंबरम फडणीस ने कृषि विकास के लिए प्रशासन के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिले के 20 हजार किसानों के लिए मृदा परीक्षण प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की प्रस्तावना कृषि विकास अधिकारी एल. जी. आडे ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन श्रीकृष्ण पखाले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अभियान अधिकारी प्रवीण जाधव ने किया।
यह भी पढ़ें:- अंबरनाथ में बिल्डर से परेशान होकर 192 फ्लैटधारकों ने किया 6 जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान
उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान फसल प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग योजना, डॉ. बाबासाहब आंबेडकर कृषि स्वावलंबन योजना तथा बिरसा मुंडा कृषि क्रांति योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को उपस्थित अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया।
