जनगणना-2027: यवतमाल कलेक्टर विकास मीना ने घोषित किया शेड्यूल, 4000 से अधिक प्रगणकों की होगी नियुक्ति

Yavatmal Census News: यवतमाल में जनगणना-2027 के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार। जिलाधिकारी विकास मीना के अनुसार 16 मई 2026 से हाउस लिस्टिंग शुरू होगी और मार्च-मई में राजस्व समाधान शिविर लगेंगे।
Yavatmal administration readies for Census 2027. Collector Vikas Meena announced house listing from May 16, 2026, and special revenue solution camps starting March 7.
यवतमाल जिलाधिकारी विकास मीना (सोर्सः नवभारत)
Published on
Updated on

Maharashtra Population Census News: यवतमाल जिला प्रशासन ने जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर व्यापक कार्य योजना तैयार कर ली है। यह जानकारी जिलाधिकारी विकास मीना ने शुक्रवार को पत्रकार परिषद में दी। उन्होंने बताया कि इस महत्त्वपूर्ण अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। जनगणना के लिए जिलाधिकारी को प्रधान जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि निवासी उपजिलाधिकारी को जिला जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं सभी उपविभागीय अधिकारी उपविभागीय जनगणना अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के 16 तहसीलदार और शहरी क्षेत्र के 17 नगर परिषद/नगर पंचायत के मुख्याधिकारी चार्ज अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।

जिले में कुल 2126 ग्रामीण गांव और 255 शहरी वार्ड शामिल किए गए हैं। 700 से 800 की आबादी के मानक के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में 4,067 और शहरी क्षेत्रों में 1,233 गणना समूह बनाए गए हैं। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में 4,067 और शहरी क्षेत्र में 1,233 प्रगणकों की नियुक्ति की जाएगी।

साथ ही 678 ग्रामीण और 206 शहरी पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। प्रशिक्षण कार्य के लिए 64 ग्रामीण और 28 शहरी क्षेत्रीय प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है। जनगणना से पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों का तीन चरणों में प्रशिक्षण होगा। पहले चरण में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण यशदा में होगा। दूसरे चरण में जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

तीसरे चरण में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज एवं तहसील स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। यवतमाल जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 'हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस' 16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगा। दूसरा चरण 'जनसंख्या गणना' फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।

छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर

जिलाधिकारी विकास मीना ने बताया कि आम नागरिकों की शिकायतों, लंबित आवेदनों तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित मामलों का त्वरित निपटारा करने के लिए "छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर" अभियान चरण 2 विशेष रूप से चलाया जाएगा, प्रत्येक जिले में मंडल स्तर पर 7 मार्च, 14 मार्च, 20 अप्रैल, 27 अप्रैल, 4 मई तथा 25 मई 2026 को समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर एक ही दिन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रत्येक तहसील में निर्धारित समयानुसार शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों - को लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

विवरण आंकड़े / तिथि
कुल ग्रामीण गांव 2126
शहरी वार्ड 255
कुल प्रगणक (Enumerators) 5,300 (4,067 ग्रामीण + 1,233 शहरी)
पहला चरण (हाउस लिस्टिंग) 16 मई से 14 जून 2026
दूसरा चरण (जनसंख्या गणना) फरवरी 2027
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com