विधान भवन में मचा हड़कंप, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने पहुंची महिला ने काटी हाथ की नस! यह है पूरा मामला
विधान भवन के बाहर बीते दिन एक महिला ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि 59 वर्षीय महिला का अपनी हाउसिंग सोसाइटी से विवाद है। यह घटना उस वक्त हुई है जब विधान भवन में सत्र चल रहा है।
- Written By: किर्तेश ढोबले
विधान भवन के बाहर महिला ने की कलाई काटने की कोशिश (फोटो सौजन्यः सोशल मीडिया)
मुंबई: मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। इस बीच विधान भवन के बाहर बीते दिन (मंगलवार) एक महिला ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि 59 वर्षीय महिला का अपनी हाउसिंग सोसाइटी से विवाद है। यह घटना उस वक्त हुई है जब विधान भवन में सत्र चल रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान तारा साबले के रूप में हुई है और उसकी कलाई पर हल्की चोट आई है। उन्होंने बताया कि यह घटना शाम करीब 5.45 बजे विधान भवन के सामने उषा मेहता चौक पर हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और साबले को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारी ने यह भी बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई और परामर्श के लिए थाने ले जाया गया।
हाउसिंग सोसायटी के साथ कुछ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, तारा साबले का ठाणे स्थित अपनी हाउसिंग सोसायटी के साथ कुछ विवाद है। इसी मामले को लेकर उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने की कोशिश की थी, लेकिन उसे मुलाकात का समय नहीं मिल पाया।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र-कश्मीर-शिवसेना का बंधन हो रहा मजबूत, कश्मीर से लौटकर बोले डॉ. श्रीकांत शिंदे
शरद पवार-एकनाथ शिंदे मुलाकात पर विवाद: सुप्रिया सुले बोलीं- ‘प्याले में तूफान’, राजनीतिक मतलब न निकाला जाए
राम मंदिर चंदा विवाद पर शिंदे का पलटवार: बोले- सिद्धिविनायक मंदिर की दान पेटी लूटी गई, तब जांच क्यों नहीं हुई?
कर्ज के बोझ से मिलेगी राहत, CM फडणवीस ने किसानों के लिए इतने लाख तक कृषि कर्जमाफी का किया ऐलान
सिर्फ दो ही दिन विधान भवन में एंट्री
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कहा कि विजिटर्स को एक हफ्ते में केवल दो ही दिन विधान भवन में जाने की अनुमति होगी। नार्वेकर ने कहा कि विजिटर्स को मंगलवार और गुरुवार को ही विधान भवन में आने की परमिशन दी जाएगी।
ये निर्णय क्यों लिया गया?
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर इस आदेश की घोषणा करते हुए कहा कि विधान भवन परिसर में भीड़ से बचने और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अन्य मंत्रियों और विधायकों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। नार्वेकर ने कहा कि विजिटर्स को सिमित संख्या में ही अंदर आने की अनुमति दी जाएगी।
