वर्धा पुलिस का बड़ा एक्शन: 6 माह में 23.70 करोड़ का अवैध माल जब्त, अपराधों पर कसा शिकंजा

Operation All Out Wardha: वर्धा पुलिस की जनवरी से जून 2026 की छह माह की रिपोर्ट में हत्या, चोरी, महिलाओं पर अत्याचार और अन्य अपराधों के आंकड़े सामने आए हैं।
wardha police crime report january june 2026
Wardha Crime Rate (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Wardha Crime Report: वर्धा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वर्धा पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में जनवरी से जून 2026 के दौरान अपराध नियंत्रण, अवैध धंधों पर कार्रवाई और नशामुक्ति अभियान को गति दी गई, पुलिस विभागका दावा है कि इन प्रयासों से जिले में अपराधों में कमी आई है।

पुलिस की छह माह की रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच जिले में हत्या के 11 मामले दर्ज किए गए। महिलाओं पर अत्याचार के 51 तथा छेड़छाड़ और विनयभंग के 66 मामले सामने आए। इसके अलावा हत्या के प्रयास के 21, लूट के 3, घरफोड़ियों के 69 और अन्य चोरी के 283 मामले दर्ज हुए। वहीं मारपीट के 451 तथा शस्त्र अधिनियम के तहत 83 प्रकरण दर्ज किए गए।

छह माह में हजारों मामलों पर कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में जिले में सात चरणों में 'वॉश आउट' अभियान चलाया गया। इस दौरान 925 मामलों में 1,010 अवैध शराब विक्रेताओं एवं तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12.43 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया। गत छह माह में कुल 3,591 प्रकरण दर्ज कर 23 करोड़ 70 लाख 60 हजार 82 रुपये का अवैध माल जब्त किया गया तथा कई अवैध शराब भट्टियां नष्ट की गई।

'ऑपरेशन ऑल आउट' में 145 कार्रवाई

जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन बार 'ऑपरेशन ऑल आउट' चलाया गया। सभी उपविभागों, 19 पुलिस थानों और स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी, गंभीर अपराध, आर्म्स एक्ट, एमपीडीए तथा ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई करते हुए 145 प्रकरण दर्ज किए गए और 1.14 करोड़ रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया।

नशे के खिलाफ अभियान में 66।50 लाख रुपये का माल जब्त

नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 90 मामलों में 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एमडी ड्रग्स, गांजा सहित 66 लाख 50 हजार 811 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com