उज्जैन रेलवे स्टेशन पर 10 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, आरपीएफ-एनसीबी की संयुक्त कार्रवाई में तस्कर गिरफ्तार
Ujjain Crime News:उज्जैन और एनसीबी इंदौर की संयुक्त कार्रवाई में जयपुर-मनारगुड़ी एक्सप्रेस से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक तस्कर गिरफ्तार किया गया। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
- Reported By: अजय नीमा | Edited By: प्रीतेश जैन
उज्जैन और एनसीबी इंदौर की संयुक्त कार्रवाई (फोटो सोर्स:नवभारत)
Ujjain Drug Smuggler Arrested: उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नार्कोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) उज्जैन और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) इंदौर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 80 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई एनसीबी से प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अमित प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में 10 जुलाई को ट्रेन संख्या 22673 जयपुर-मनारगुड़ी एक्सप्रेस के उज्जैन स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ निरीक्षक नरेंद्र यादव और उनकी टीम ने ट्रेन की सघन जांच शुरू की। तलाशी के दौरान एस-1 कोच में एक संदिग्ध युवक बैग के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू विश्नोई पुत्र भंवरलाल, निवासी ग्राम पीथावास, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) बताया। उसके जवाब संदिग्ध लगने पर बैग की जांच की गई।
संयुक्त तलाशी में मिली 80 ग्राम एमडी ड्रग्स
आरपीएफ ने संदिग्ध के बैग में मादक पदार्थ होने की आशंका पर तत्काल एनसीबी इंदौर के निरीक्षक विजय राज और उनकी टीम को मौके पर बुलाया। दोनों एजेंसियों ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पंचों की मौजूदगी में बैग की संयुक्त तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 80 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया। इसके बाद आरोपी को अग्रिम पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए एनसीबी इंदौर के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
सम्बंधित ख़बरें
करोड़पति हुए बाबा महाकाल: 472 करोड़ की FD और 90 करोड़ की जमीन, जानें कितनी है महाकाल मंदिर की कुल संपत्ति?
कॉलेज छात्रा ने किराए के कमरे में लगाई फांसी, दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में परिचितों को ठहराया जिम्मेदार
डाक सहायक की धारदार हथियार से हत्या, बेटी ने घर पहुंचकर देखा खौफनाक मंजर
इंदौर: पुण्योदय प्रकल्प में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बांटी 40 हजार कॉपियां, सेवा का दिया संदेश
यह भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: जिले में धारा 163 लागू, एसपी और एसडीओपी सहित 8 पुलिसकर्मी घायल; 250 कार्यकर्ता नजरबंद
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू
एनसीबी इंदौर ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8, 22 और 29 के तहत अपराध क्रमांक 04/2026 दर्ज किया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ड्रग्स कहां से लाया था, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन नार्कोस के तहत आगे भी रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
