Wardha News: वर्धा मेडिकल कॉलेज निर्माण को मिली तकनीकी मंजूरी, 403.89 करोड़ की परियोजना जल्द शुरू
Medical College Tender Process: वर्धा जिले के समुद्रपुर तहसील के जाम गांव में बनने वाले सरकारी मेडिकल कॉलेज को तकनीकी स्वीकृति मिल गई है।
- Written By: आंचल लोखंडे
वर्धा मेडिकल कॉलेज- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Government Medical College Wardha: वर्धा जिले के लिए स्वीकृत सरकारी मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को महत्वपूर्ण गति मिली है। समुद्रपुर तहसील के जाम गांव में बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज की विभिन्न इमारतों को राज्य शासन से तकनीकी स्वीकृति मिल गई है। अब सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की रूपरेखा तैयार करने के लिए छह निजी वास्तु सलाहकार (आर्किटेक्ट) एजेंसियों से डिजाइन आमंत्रित किए गए थे।प्रस्तुतिकरण के बाद अगस्त 2025 में नागपुर की अश्पाक अहमद कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रा.लि. का डिजाइन अंतिम रूप से चयनित किया गया। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को एजेंसी को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और लागत अनुमान तैयार करने का कार्यादेश भी जारी किया गया।
20.72 हेक्टेयर भूमि पर होगा निर्माण
उल्लेखनीय है कि प्रारंभ में मेडिकल कॉलेज वर्धा शहर के समीप स्थापित करने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में इसे हिंगणघाट विधानसभा क्षेत्र के जाम गांव में स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए राज्य सरकार ने ₹403.89 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की थी। अब तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना निर्माण की दिशा में अगला चरण शुरू हो गया है। मेडिकल कॉलेज के लिए कृषि विभाग के स्वामित्व वाली सर्वे क्रमांक 320 की 20.72 हेक्टेयर भूमि में से 12 हेक्टेयर भूमि स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित की गई है। इसी भूमि पर मेडिकल कॉलेज परिसर का निर्माण किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
Yavatmal News: उमरखेड़ के किसानों से महाविस्तार ऐप डाउनलोड करने की अपील, कृषि जानकारी मिलेगी मोबाइल पर
12,937 करोड़ की पुणे मेट्रो फेज-2 को मंजूरी, पिंपरी-चिंचवड़ में मेट्रो नेटवर्क का बड़ा विस्तार
कोल्हापुर: पूर्व महिला सरपंच की प्रेमी ने की हत्या, कार की डिग्गी में रखी लाश, एक गलती ने खाेल दी पोल
101 साल का हुआ पुणे रेलवे स्टेशन, रोज 1.70 लाख यात्रियों की जीवनरेखा बना ऐतिहासिक जंक्शन
ये भी पढ़े: नए पैकेट में पुरानी चीज, Public Examinations Amendment Bill को संजय राउत ने बताया मोदी सरकार का मायाजाल
12 प्रमुख भवनों का निर्माण प्रस्तावित
परियोजना के तहत 12 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 12 प्रमुख भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें मेडिकल कॉलेज भवन, शिक्षण एवं प्रशासनिक भवन, छात्र एवं छात्राओं के छात्रावास, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के आवास, अस्पताल भवन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित संरचनाएं शामिल होंगी। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और लंबे समय से प्रतीक्षित सरकारी मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सकेगा।
