Bharat Ganeshpure (सोर्सः सोशल मीडिया)
Bhalewadi Gram Panchayat Event: ग्राम विकास एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है और इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। यह विचार प्रसिद्ध अभिनेता भारत गणेशपुरे ने व्यक्त किए। वे शनिवार को मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान के अंतर्गत भालेवाड़ी ग्राम पंचायत के दौरे पर बोल रहे थे।
इस अवसर पर विधायक सुमित वानखेड़े, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सरिता गाखरे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पराग सोमण, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूरज गोहाड, ग्रामीण विकास यंत्रणा की परियोजना संचालक वैशाली रसाल तथा जिला परिषद पंचायत के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमोल भोसले सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भालेवाड़ी पहुंचने पर ग्रामीणों ने लेज़ीम पथक के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने गांव के ज्येष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र और ग्राम उद्यमिता केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद गांव में बनाए गए खुले क्रीड़ांगण का लोकार्पण किया और वृक्षारोपण भी किया।
दौरे के दौरान उन्होंने गांव में मौजूद प्राचीन और लुप्त होती वस्तुओं के संग्रहालय, स्कूल और आंगनवाड़ी के बारे में जानकारी ली। इसके बाद ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भालेवाड़ी ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पांच गांवों को समाहित करने वाली यह ग्राम पंचायत आपसी एकता और सामूहिक विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
ये भी पढ़े: वर्धा में खेत का रास्ता बंद, किसान ने प्रशासन को आत्मदाह की दी चेतावनी
कार्यक्रम के दौरान महिला बचत समूहों द्वारा तैयार की गई कपड़े की थैली का लोकार्पण किया गया। महिला बचत समूहों द्वारा बनाए गए विभिन्न उत्पाद उन्हें भेंट किए गए। इस अवसर पर घरकुल योजना के लाभार्थियों को गृहप्रवेश के लिए चाबी सौंपकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला बचत समूहों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पराग सोमण और विधायक सुमित वानखेड़े ने भी अपने विचार व्यक्त किए।