महाराष्ट्र में कुदरत का डबल अटैक, कहीं आग उगल रहा सूरज, कहीं बेमौसम बारिश का तांडव, पेड़ गिरे, फसलें बर्बाद
Unseasonal Rain Maharashtra: गर्मी के बीच महाराष्ट्र में तूफानी बारिश। इगतपुरी से लेकर जलगांव तक तबाही का मंजर। किसानों पर टूटा अस्मानी संकट। जाने कैसा रहा आज का मौसम।
- Written By: गोरक्ष पोफली
बेमौसम बारिश (सोर्स: सोशल मीडिया)
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र के मौसम में इन दिनों बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में जहाँ भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का प्रकोप जारी है, वहीं कई जिलों में तूफानी हवाओं के साथ हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पुणे, नासिक, अमरावती और जलगांव जैसे जिलों में बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं।
राजगढ़ में आंधी-तूफान के साथ गिरे पेड़
पुणे जिले के राजगढ़ (वेल्हे) तहसील में आज दोपहर अचानक मौसम बदल गया और हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। इस आंधी का असर इतना जबरदस्त था कि वेल्हे-नसरापुर मुख्य मार्ग पर अडवली गांव के पास एक विशाल पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर गया। इसके चलते यातायात करीब आधे घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। अडवली के पूर्व सरपंच मोहन काटकर ने स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी बुलवाकर पेड़ को हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
नासिक और अमरावती में बदला मिजाज
नासिक के इगतपुरी में भी करीब 15-20 मिनट तक बारिश की बौछारें गिरीं। सुबह से ही उमस और गर्मी से परेशान नागरिकों को इस बारिश से थोड़ी राहत तो मिली, लेकिन अचानक आए बदलाव से अफरा-तफरी मच गई। उधर, अमरावती जिले के मोर्शी तहसील में भी बेमौसम बारिश ने दस्तक दी, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुँचने की आशंका है।
सम्बंधित ख़बरें
जन गण मन हमारा मान, पर वंदे मातरम की अनिवार्यता असंवैधानिक, वारिस पठान ने केंद्र के फैसले पर उठाए सवाल
नासिक कुंभ मेला होगा हाईटेक और इको-फ्रेंडली, फडणवीस बोले तकनीक से थामेंगे भीड़, कार्बन फुटप्रिंट होगा पॉजिटिव
पश्चिम रेलवे पर बढ़ी बेटिकट यात्रियों की संख्या, एक माह में 27.37 करोड़ की जुर्माना वसूली
मोबाइल यूटीएस सहायकों से 5.40 लाख यात्रियों को मदद, मध्य रेल को हुई 6.89 करोड़ रुपये की आय
भंडारा और जलगांव, किसानों पर संकट
विदर्भ के भंडारा जिले में लगातार दूसरे दिन भी बेमौसम बारिश का कहर जारी रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस बारिश का सबसे बुरा असर रबी सीजन की धान (चावल) की फसल पर पड़ा है। कटाई के लिए तैयार धान की फसल तेज हवाओं के कारण जमीन पर बिछ गई है, जिससे उत्पादन में भारी गिरावट का डर है।
जलगांव के धरणगांव और पालधी सहित कई गांवों में भी बारिश दर्ज की गई। यहाँ मक्का, ज्वार और फलों के बागों को काफी नुकसान पहुँचने की संभावना जताई गई है। उमस से परेशान लोगों को ठंडक तो मिली, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश आंसू लेकर आई है।
यह भी पढ़ें: नहाते समय खींची फोटो, फिर 10 साल तक किया बलात्कार, जालना में सामने आई रूह कंपा देने वाली घटना
अगले 2-3 दिन का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने किसानों को सलाह दी है कि यदि फसल की कटाई हो चुकी है, तो उसे सुरक्षित स्थानों पर रखें।
