उल्हासनगर मनपा चुनाव के लिए पुलिस मुस्तैद, मतदान के दिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील

Voting Day Security: उल्हासनगर मनपा चुनाव के मतदान के दिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की है।
voting day security
Voting Day Security:उल्हासनगर मनपा चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ulhasnagar Municipal Election: उल्हासनगर महानगरपालिका चुनाव के मतदान के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र, प्रमुख चौराहों तथा शहर के संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया की सुरक्षा के लिए 220 पुलिस अधिकारी, 1,250 पुलिसकर्मी और 1,500 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, शहर में एसआरपीएफ की दो प्लाटून भी तैनात की गई हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उल्हासनगर मनपा चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मतदान के दिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस व्यवस्था पूरी तरह तैयार है। सुरक्षा के मद्देनज़र एक अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, दो उप पुलिस आयुक्त, चार सहायक पुलिस आयुक्त और 25 पुलिस निरीक्षकों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी मतदान केंद्रों के साथ-साथ बाजारों, प्रमुख सड़कों और विवादित वार्डों में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रखेंगे। मतदान के दिन पैदल गश्त, वाहन गश्त और अचानक निरीक्षण करने की भी पूरी तैयारी पुलिस विभाग ने की है।

सुरक्षित मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाहें फैलाने, समाज में फूट डालने वाले संदेश प्रसारित करने या कानून-व्यवस्था को खतरे में डालने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, अफवाहों पर विश्वास न करें, शांति बनाए रखें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। डीसीपी ने कहा कि हमारा लक्ष्य शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुरक्षित मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

421 लोगों को एहतियाती हिरासत में लिया

मतदान के दिन शहर के कुल 22 वार्डों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि वार्ड क्रमांक 5, 7, 14 और 15 को अत्यधिक संवेदनशील माना गया है। पुलिस ने शहर के 260 लाइसेंसधारकों से रिवॉल्वर जमा कराई हैं और छह अवैध पिस्तौलें जब्त की हैं। इसके अलावा, 421 लोगों को एहतियाती हिरासत में लिया गया है तथा 10 लोगों को शहर से बाहर भेजा गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com