उल्हासनगर मनपा ने शुरू की ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली, अब घर बैठे होगी हर समस्या का समाधान

Thane news: उल्हासनगर मनपा ने ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली शुरू की है। अब नागरिक पानी, सड़क, कचरा या अन्य समस्याओं की शिकायत घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिस पर तय समय में कार्रवाई होगी।
उल्हासनगर मनपा (pic credit; social media)
उल्हासनगर मनपा (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Maharashtra News: उल्हासनगर में अब शहरवासियों को नल खराब होने, सड़क पर गड्ढा बनने, कचरे के ढेर लगने या अन्य नागरिक समस्याओं के लिए बार-बार मनपा कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उल्हासनगर महानगरपालिका ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक आधुनिक ‘ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली’ शुरू की है। इस पोर्टल के माध्यम से लोग घर बैठे केवल एक क्लिक पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे।

मनपा प्रशासन का कहना है कि इस प्रणाली का उद्देश्य नागरिकों की दैनिक समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। जैसे ही कोई शिकायत दर्ज की जाएगी, वह सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचेगी और तय समय सीमा के भीतर उस पर कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों के लिए बड़ी राहत

पहले मनपा कार्यालय जाकर शिकायत करना एक मुश्किल और समय लेने वाली प्रक्रिया थी। कई बार शिकायतों पर देरी से प्रतिक्रिया मिलती थी। लेकिन अब इस नई प्रणाली से नागरिकों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से न केवल लोगों का विश्वास बढ़ेगा बल्कि पारदर्शी और कुशल प्रशासन देने का लक्ष्य भी पूरा होगा। इसे भी पढ़ें- TRD घोटाले की नए सिरे से जांच, उल्हासनगर मनपा को निर्देश: जांच पूरी होने तक सभी टीडीआर-डीआरसी स्थगित

प्रशासन की अपील

मनपा की आयुक्त मनीषा अव्हाले ने नागरिकों से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के बाद उसकी स्थिति और निवारण प्रक्रिया नागरिकों के लिए पूरी तरह पारदर्शी होगी।

इस तरह करें शिकायत

शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिकों को उल्हासनगर मनपा के ‘शिकायत निवारण पोर्टल’ https://grievances.smartumc.info पर लॉग इन करना होगा। शिकायत पंजीकरण और निवारण की विस्तृत जानकारी के लिए मनपा की वेबसाइट https://umc.gov.in पर एक गाइड भी उपलब्ध है।

इस पहल से उम्मीद है कि नागरिकों की आम समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और शहर में स्वच्छता व सुविधाओं का स्तर बेहतर बनेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com