कल्याण में आत्महत्या (pic credit; social media)
Suicide in Thane: कल्याण में एक दर्दनाक घटना ने सभी को हिला दिया। 44 वर्षीय धनाजी रघुनाथ शिंदे ने गंधारी नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। चौंकाने वाली बात यह रही कि शिंदे ने इस कदम से पहले अपनी पत्नी को फोन कर कहा कि वह अब घर नहीं लौटेगा और आत्महत्या करने जा रहा है। उसने अपनी पत्नी से बच्चों का ख्याल रखने की गुजारिश भी की और इसके बाद फोन बंद कर दिया।
पड़धा पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि मृतक धनाजी शिंदे बदलापुर का रहने वाला था। घटना वाली रात स्थानीय मछुआरों ने सफेद शर्ट और काली पैंट पहने एक शख्स को गंधारी ब्रिज से नदी में छलांग लगाते हुए देखा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह तेज धारा में बह गया।
पति का फोन आने के बाद घबराई पत्नी सीधे पुलिस थाने पहुंची और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग और स्थानीय मछुआरों की मदद से नदी में खोज अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बावजूद तुरंत कोई सुराग नहीं मिला। घटना के दो दिन बाद शिंदे का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस आत्महत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गंधारी नदी पर रात में आवाजाही करने वाले लोग दहशत में हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने एक शख्स को पुल से कूदते देखा लेकिन रोक नहीं पाए।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला आत्महत्या का है। लेकिन यह जांच की जा रही है कि आखिर शिंदे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव की आशंका जताई जा रही है।