ठाणे में हीरानंदानी मीडोज के खुले नाले की बदबू से मिलेगी राहत, पीपीपी आधार पर बनेगा ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन
Thane Pollution Control News: ठाणे के हीरानंदानी मीडोज में खुले नाले की दुर्गंध दूर करने के लिए उस पर स्लैब डालकर चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। विधायक संजय केलकर ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण।
- Written By: रूपम सिंह
ठाणे के हीरानंदानी मीडोज, विधायक संजय केलकर ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण (फोटो-सोशल मीडिया)
Thane Hiranandani Meadows News: ठाणे शहर के पॉश इलाके हीरानंदानी मीडोज में रहने वाले हजारों नागरिक लंबे समय से खुले नाले से उठने वाली दुर्गंध की समस्या से जूझ रहे हैं। अब इस समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्थानीय विधायक संजय केलकर और ठाणे महानगरपालिका (मनपा) के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण के बाद नाले को ढंकने और उस पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत चार्जिंग स्टेशन विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
दरअसल, हीरानंदानी मीडोज क्षेत्र में करीब 300 फीट लंबा नाला खुला पड़ा है, जिसमें एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का पानी बहता है। इस कारण आसपास के परिसर में अत्यधिक दुर्गंध फैल रही है, जिससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि यहां रहने वाले हजारों नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। रहवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज कराई थीं और अंततः जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक केलकर से मिलकर लिखित निवेदन सौंपा।
यह भी पढ़ें:- चंद्रपुर जिले में कुपोषण की स्थिति चिंताजनक, चिमूर तहसील में मिले सर्वाधिक 18 अति गंभीर कुपोषित बच्चे
सम्बंधित ख़बरें
Wardha News: दो बाघों के बीच पेड़ पर एक घंटे तक अटकी रही जिंदगी, चरवाहे ने ऐसे बचाई जान
सलील देशमुख बने राकां (शरद पवार) के नागपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष, जयंत पाटील ने सौंपा नियुक्ति पत्र
विदर्भ साहित्य परिषद की अभंग लेखन प्रतियोगिता, श्रेष्ठ रचनाओं को मिलेगा ऑनलाइन संकलन में स्थान
यवतमाल में सुरक्षित कृषि की पहल, कृषि विभाग ने शुरू किया छिड़काव जागरूकता अभियान
निरीक्षण के बाद समाधान की दिशा में ठोस पहल
नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक केलकर ने संबंधित ठाणे मनपा (Thane) अधिकारियों के साथ मौके का दौरा किया और स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नगरसेविका स्नेहा आम्ब्रे, मनपा अधिकारी खंडागले सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान विधायक केलकर ने सुझाव दिया कि नाले को पूरी तरह से ढंकने के लिए उस पर मजबूत स्लैब डाला जाए, जिससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या समाप्त हो सके। साथ ही, इस स्थान का उपयोग करते हुए पीपीपी मॉडल के तहत एक आधुनिक चार्जिंग स्टेशन विकसित किया जाए, जो शहर में बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भी प्रोत्साहित करेगा।
स्थानीय नागरिकों को मिलेगी दोहरी राहत
इस प्रस्ताव के अमल में आने से जहां एक ओर स्थानीय नागरिकों को बदबू और प्रदूषण से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर ठाणे शहर को एक नई शहरी सुविधा भी प्राप्त होगी। मनपा अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि प्रस्ताव को जल्द अंतिम रूप देकर कार्यवाही शुरू की जाएगी, जिससे हीरानंदानी मीडोज के निवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
