ठाणे में बारिश और ऊंची लहरों से खतरा, प्रशासन ने तटीय क्षेत्र किए सील, नियम तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई
Thane Heavy Rain Alert: मीरा-भाईंदर में भारी बारिश और हाईटाइड के चलते सभी प्रमुख पर्यटन स्थल बंद कर दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
उत्तन और गोराई बीच (फोटो नवभारत)
Thane Heavy Rain Alert Closed Tourist Spots: ठाणे के मीरा- भाईंदर में पिछले चार दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और समुद्र में हाईटाइड के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जबकि तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों और कुछ निजी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
सभी प्रमुख पर्यटन स्थल किए गए बंद
लगातार हो रही भारी बारिश के साथ समुद्र में करीब साढ़े चार फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिससे तटीय इलाकों में खतरा काफी बढ़ गया है। इसके बावजूद कई लोग छुट्टी का लाभ उठाकर भाईंदर पश्चिम के उत्तन, गोराई बीच और आसपास के तटीय व वन क्षेत्रों में घूमने पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम और तेज समुद्री लहरों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए उत्तन, वेलंकानी, धारावी मंदिर, गोराई बीच सहित सभी प्रमुख तटीय और पर्यटन स्थलों को आम लोगों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इन क्षेत्रों के प्रवेश मार्गों और प्रमुख सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
Nashik Heavy Rain: कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, गनीमत रही, कोई जनहानि नहीं
बारिश ने बढ़ाई टेंशन! इन राज्यों में मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, Photo में देखें पूरा अपडेट
नासिक-त्र्यंबकेश्वर पर संकट! CM ने जताई बादल फटने की आशंका, अगले 24 घंटों में 300 मिमी बारिश का अनुमान
ठाणे में लगातार चौथे दिन स्कूल-कॉलेज बंद: ऑरेंज अलर्ट के बीच मासुंदा तालाब ओवरफ्लो, बारवी डैम 60% भरा
पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा न करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यह भी पढ़ेः- Nashik Heavy Rain: कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, गनीमत रही, कोई जनहानि नहीं
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित तटीय और पर्यटन क्षेत्रों में प्रवेश करने, पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करने, बहस करने या शराब के नशे में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम, भारी बारिश और हाईटाइड को देखते हुए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम सामान्य होने तक पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और केवल अत्यावश्यक कार्य होने पर ही यात्रा करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
