(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Thane Tribal Youth Tortured: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां भिवंडी इलाके में एक ईंट भट्ठा मालिक ने महज 50,000 रुपये के विवाद में एक आदिवासी युवक के साथ ऐसी बर्बरता की, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। कर्ज बड़े भाई ने लिया था, लेकिन उसकी सजा छोटे भाई को दी गई। आरोपी ने युवक को न सिर्फ अगवा किया, बल्कि उसे पेड़ से उल्टा लटकाकर उसके जख्मों पर मिर्च पाउडर तक छिड़क दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान 25 वर्षीय सुभाष शिनवार भोइर के रूप में हुई है। सुभाष के बड़े भाई ने ईंट भट्ठा मालिक नंदू देओलिकर से 50,000 रुपये उधार लिए थे। उधार लेने के बाद सुभाष का भाई लापता हो गया और पैसे वापस नहीं कर पाया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी नंदू और उसके एक साथी ने सुभाष को निशाना बनाने की साजिश रची।
बुधवार दोपहर को आरोपियों ने सुभाष को झांसा दिया कि वे उसके लापता भाई को खोजने जा रहे हैं। इसी बहाने उन्होंने सुभाष को जबरन अपनी कार में बिठा लिया। जब भाई का पता नहीं चला, तो आरोपी उसे भिवंडी के ‘पाये’ स्थित अपने ईंट भट्ठे पर ले गए।
प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, वहां आरोपियों ने सुभाष पर धारदार हथियारों से हमला किया। जब वह लहूलुहान हो गया, तो आरोपियों ने उसके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और उसे एक पेड़ से उल्टा लटका दिया। सुभाष दर्द से कराहता रहा और मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। क्रूरता की हदें पार करते हुए उन्होंने सुभाष के ताजे घावों पर तीखा मिर्च पाउडर मल दिया।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में मौसम का यू-टर्न: 17 से 20 मार्च तक विदर्भ-मराठवाडा में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ठाणे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण, मारपीट और अत्याचार का मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी नंदू देओलिकर और उसके साथी की तलाश तेज कर दी गई है। स्थानीय आदिवासी संगठनों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।