Nalasopara Shubham Mishra Murder (फोटो क्रेडिट-X)
Nalasopara Crime News: नालासोपारा में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ 31 वर्षीय शुभम मिश्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड का अब एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसमें हमले की भयावहता साफ देखी जा सकती है। घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे की है, जब शुभम को धोखे से बुलाकर पहले चाकू से गोदा गया और फिर पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। नालासोपारा पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे पुराना विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
शुभम मिश्रा नालासोपारा ईस्ट के गाला नगर इलाके का निवासी था। जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात वह अपने दोस्तों के साथ एक होटल में मौजूद था, जहाँ कुछ युवकों के साथ उसकी तीखी बहस हुई थी। विवाद शांत होने के बाद, आरोपियों ने साजिश के तहत उसे सिगरेट पीने के बहाने नालासोपारा वेस्ट स्थित हनुमान मंदिर के पास एक स्टॉल पर बुलाया। शुभम जैसे ही रिक्शे से वहां पहुँचा, घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी बाइक पर सवार होकर शुभम के पीछे आए थे। जैसे ही वह रिक्शे से उतरा, हमलावरों ने उसकी जांघ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए भारी पत्थर से शुभम के सिर और चेहरे को कई बार कुचला। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ यह मंजर देख सहम गई। शोर सुनकर जब तक लोग मदद के लिए आगे आते, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस खूनी वारदात की सूचना दी।
ये भी पढ़ें- दशकों पुराना सपना पूरा, तीन नई ग्राम पंचायतें अस्तित्व में, ग्रामीणों में उत्साह; बढ़ेगी प्रशासनिक सुगमता
घटना की सूचना मिलते ही नालासोपारा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। मृतक के दोस्त अंकित बृजेश पांडे की शिकायत पर पुलिस ने रोशन सिंह, जगन मेहंदी, सुनील मालुसरे उर्फ ‘बिगशो’, सूरज सिंह उर्फ ‘कबाटे’ और टिंकल मिश्रा सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि मुख्य मास्टरमाइंड रोशन सिंह अभी भी फरार है। पुलिस की विशेष टीमें सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी हैं।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद नालासोपारा के गाला नगर और हनुमान मंदिर क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शुभम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। दिनदहाड़े और सरेराह हुई इस हत्या ने पालघर जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है।